Noida News : संदिग्ध चीनी नागरिक को संरक्षण दे रही है नोएडा पुलिस
भारत
RP Raghuvanshi
30 Jul 2022 05:57 PM
Noida: नोएडा। घरबरा स्थित गेस्ट हाउस के खुलासे के बाद जहां पुलिस व एसटीएफ (STF)यहां पर अवैध रूप से रह रहे चीनी नागरिकों पर कहर बनकर टूट पड़ी है। वहीं नोएडा कमिश्नरेट पुलिस एक ऐसे चीनी नागरिक पर मेहरबान है जो ना सिर्फ अवैध रूप से भारत में रह रहा है बल्कि उस पर फैक्ट्री में घुसकर एक उद्यमी का सामान लूटने तथा कार छीनने का भी आरोप है। इसके बावजूद पुलिस ने अभी तक उस उद्यमी की एफआईआर तक दर्ज नहीं की है।
सेक्टर 83 में एलईडी (LED)बनाने वाले उद्यमी संतोष आनंद ने 27 अप्रैल 2022 को नोएडा सेंट्रल जोन के डीसीपी हरिश्चंद्र को एक लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में संतोष आनंद ने आरोप लगाया कि 1 अप्रैल को चीनी नागरिक पेंग योंग लियांग ने अपने साथियों यू लियांग तथा अन्य हथियारबंद बदमाशों के साथ उसके फैक्ट्री में घुसकर एलईडी टीवी व पार्ट्स लूट कर ले गए। यही नहीं उक्त लोग उसकी ईको स्पोर्टस कार नं0 यूपी-16 सीएस -6029 भी छीनकर ले गए। उसने फेस-2 थाने से लेकर डीसीपी तक को लिखित शिकायत की, लेकिन अभी तक उसकी एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई। उद्यमी संतोष आनंद ने आरोप लगाया कि चीनी नागरिक पेंग योंग लियांग अवैध रूप से भारत में रह रहा है तथा उसका वीजा समाप्त हो गया है।
इस चीनी नागरिक के संबंध घरबरा स्थित गेस्ट हाउस में पकड़े गए चीनी नागरिकों के साथ भी है तथा यह चीनी नागरिक भारत में अवैध रूप से इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स का कारोबार भी कर रहा है। उसने कई उद्यमियों को भी इस तरीके से झांसे में लेकर उनके साथ ठगी की है। उसके इस कृत्य में कुछ स्थानीय दबंग बदमाश भी उसकी सहायता कर रहे हैं।
पुलिस द्वारा इस चीनी नागरिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज न करना तथा उसकी गिरफ्तारी न किए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
नागरिकों का कहना है कि पुलिस की इस घटिया कार्यप्रणाली के कारण ही अपराधी मौज लेते रहते हैं। जब वे कोई बड़ा कांड कर देते हैं तब जाकर पुलिस जागती है, किन्तु तब तक बहुत देर हो चुकी होती है