Noida News : अपने ही फरार सिपाही को नहीं ढूंढ पा रही है नोएडा पुलिस
भारत
RP Raghuvanshi
04 Aug 2022 07:30 PM
भारत
RP Raghuvanshi
04 Aug 2022 07:30 PM
औद्योगिक नगरी नोएडा के सेक्टर-70 स्थित एक ओयो होटल, अशोका पैराडाइज इन में एडोब कंपनी में काम करने वाली युवती की संदिग्ध अवस्था में मौत के मामले में आरोपी सिपाही को नोएडा पुलिस ढूंढ नहीं पा रही है। घटना में नामजद कांस्टेबल फरार है। युवती की मौत के मामले में बुधवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब परिजनों ने युवती द्वारा मृत्यु से पूर्व बनाए गए एक वीडियो में एक सिपाही पर दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप लगाया।
दो अगस्त को होटल अशोका पैराडाइज इन में 26 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका हुआ मिला था। मामले की जानकारी होने पर युवती के परिजन गाजियाबाद से नोएडा पहुंचे और उन्होंने बलात्कार के बाद उसकी हत्या करने का आरोप लगाया। बुधवार की शाम जांच के बाद युवती के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपियों में एक पुलिस कांस्टेबल भी शामिल है। इस मामले में सेंट्रल जोन नोएडा की एडीसीपी अंकिता शर्मा के नेतृत्व में थाना फेज-3 की पुलिस घटना के आरोपी अर्जुन दुग्गल सहित अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस मामले में नाम आने के बाद से ही आरोपी कांस्टेबल आकाश फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं, लेकिन अब तक पुलिस उसे ढूंढ नहीं पाई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फरार कांस्टेबल आकाश की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि युवती एडोब कंपनी में काम करती थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि गाजियाबाद निवासी युवती ने एक अगस्त को होटल में ऑनलाइन कमरा बुक किया था। दो अगस्त की सुबह जब कमरे की सफाई के लिए स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया तो युवती ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दरवाजा तोड़कर रूम में पहुंची। वहां युवती पंखे से लटकी हुई थी।
शुरू में पुलिस ने आत्महत्या बताकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की। जबकि मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी का बलात्कार करने के बाद हत्या की गई है। हत्या की वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए होटल के कमरे में शव को पंखे से लटका दिया गया है। मृतका के पिता का आरोप है कि पुलिस के कॉन्स्टेबल आकाश ने इस घटना को अंजाम दिया है। इस मामले में युवती के पिता ने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया है, जिसमें युवती रोते हुए अपने दोस्त अर्जुन से खुद को कॉन्स्टेबल आकाश से बचाने की गुहार लगा रही है।