Noida News: हैवानियत की शिकार बच्ची की मदद को आगे आई पुलिस
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 05:09 AM
Noida: नोएडा । अक्सर पुलिस पर पीडि़त के साथ रूखा व्यवहार व मदद न करने सहित कई गंभीर आरोप लगते हैं, लेकिन हैवानियत का शिकार हुई बच्ची के मामले में खाकी का मानवीय चेहरा सामने आया है। संबंधित थाना दनकौर के अलावा थाना सेक्टर 20 प्रभारी ने पीडि़त बच्ची के लिए हर संभव मदद देने का आश्वासन देकर मानवता की मिसाल पेश की है।
सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई में बच्ची के भर्ती होने की सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-20 प्रभारी मनोज कुमार मंगलवार दोपहर को अस्पताल पहुँचे और बच्ची के पिता से मुलाकात की। पीडि़ता के पिता ने उन्हें बताया कि अस्पताल में उपचार सही नहीं हो रहा है। अस्पताल प्रशासन ने महज खानापूर्ति करते हुए बच्ची को भर्ती तो कर लिया लेकिन 24 घंटे बाद भी चिकित्सकों द्वारा उसे कोई उपचार नहीं दिया गया है। चाइल्ड पीजीआई के चिकित्सक उस पर बच्ची को मेरठ स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाने के लिए जोर डाल रहे हैं।
बच्ची की हालत देखकर और उसके पिता की गुहार सुनकर थाना प्रभारी भी व्यथित हो गए और उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों से उपचार के बारे में जानकारी ली। बच्ची के पिता को लेकर थाना प्रभारी मनोज कुमार चाइल्ड पीजीआई के सीएमएस एवं वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर डीके सिंह से भी मिले। इस दौरान उन्होंने पीडि़त को आश्वासन दिया कि अगर वह इलाज से संतुष्ट नहीं है तो वह अपने खर्चे पर बच्ची का इलाज शहर के किसी बेहतर निजी अस्पताल में कराने के लिए तैयार हैं। थाना प्रभारी की बात सुनने पर अस्पताल के सीएमएस ने आश्वासन दिया कि बच्ची को यही पर बेहतर उपचार दिया जाएगा। अस्पताल से जाते समय थाना प्रभारी बच्ची के पिता को अपना फोन नंबर देकर गए और किसी भी तरह की परेशानी की स्थिति में सीधे उनसे संपर्क करने की बात कही।
वहीं थाना दनकौर प्रभारी राधारमण भी लगातार बच्ची के बारे में पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। बच्ची की सुरक्षा एवं उसे बेहतर उपचार मिल सके इसके लिए अस्पताल में एक महिला सब इंस्पेक्टर व दो कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई है। दिल दिमाग को झकझोर देने वाली घटना का शिकार हुई बच्ची की हालत देखकर जहां चिकित्सकों का मन नहीं पसीज रहा है वही कठोर छवि वाले पुलिस कर्मियों की संवेदनशीलता मानवता की मिसाल पेश कर रही है।