Noida News : आकस्मिक निरीक्षण पर निकले पुलिस कमिश्नर
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 08:58 PM
Noida : नोएडा । पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर आलोक सिंह ने यातायात पुलिस द्वारा अवैध पार्किंग, सड़कों पर वाहनों, दुकान, ठेले आदि के अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का बीती रात्रि आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नोएडा जोन के व्यस्त स्थान बॉटनिकल गार्डन के ऑटो, टैक्सी और बस स्टैंड पर पहुंचकर स्थलीय जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
पुलिस आयुक्त आलोक सिंह देर रात बॉटनिकल गार्डन चौराहे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम को भी चेक किया और ऑटो व टैक्सी चालकों से यातायात व्यवस्था के संबंध में भी फीडबैक लिया। उन्होंने यातायात व्यवस्था को लेकर कई आवश्यक दिशा निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए। पुलिस आयुक्त नहीं अधिकारियों को समय-समय पर मुख्य चौराहों, व्यस्त बाजारों में भ्रमण कर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित कराने का भी निर्देश दिया। बता दें कि डीसीपी ट्रैफिक व जिले के तीनों जोन के डीसीपी के नेतृत्व में अवैध तरीके से वाहनों की पार्किंग तथा अतिक्रमण को रोकने के लिए लगातार चलाए जा रहे अभियान का परिणाम धरातल पर दिख रहा है। इसकी मॉनिटरिंग स्वयं पुलिस आयुक्त आलोक सिंह कर रहे हैं। बीती रात्रि पुलिस आयुक्त के निरीक्षण के दौरान डीसीपी ट्रैफिक, डीसीपी नोएडा, एडीसीपी नोएडा, यातायात पुलिस एवं स्थानीय पुलिस अधिकारी मौजूद थे।