
Noida News/ ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। मेरठ में एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मारे गए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर अनिल दुजाना का आज दुजाना गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार को लेकर गांव में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं स्थानीय पुलिस फोर्स के अलावा गांव में एक प्लाटून पीएसी भी तैनात की गई है। इसके अलावा पुलिस के आला अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
सेंट्रल जोन नोएडा के डीसीपी राम बदन सिंह ने बताया कि एहतियात के तौर पर दुजाना गांव में थाना बादलपुर सहित सेंट्रल जोन के कई थानों की पुलिस फोर्स व एक प्लाटून पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा सेंट्रल जोन के एडीसीपी डॉ. राजीव दीक्षित भी दुजाना गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। डीसीपी ने बताया कि गांव में सुरक्षा के लिहाज से एहतियातन पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। पुलिस की निगरानी में ही अनिल दुजाना का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में होगा।
खबर लिखे तक अनिल दुजाना का शव गांव में नहीं पहुंचा था। उसके परिजन शव लेने के लिए मेरठ पहुंच चुके थे। पोस्टमार्टम होने के बाद अन्य औपचारिकताएं पूरी कर परिजन शव को लेकर जनपद गौतमबुद्धनगर के लिए रवाना होंगे। शाम तक अनिल दुजाना के अंतिम संस्कार किए जाने की खबर मिल रही है।
आपको बता दें कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आतंक का पर्याय बना अनिल दुजाना को मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के गंगनहर पर भोला की झाल के पास एसटीएफ के जवानों ने कल ढ़ेर कर दिया था। अनिल दुजाना पर 18 हत्या समेत लूट अपहरण डकैती रंगदारी मांगने सहित करीब 65 मुकदमे पंजीकृत थे। अनिल दुजाना हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था जिसके बाद उसने अपने पुराने मुकदमों के गवाहों को धमकाने में लगा हुआ था इस संबंध में हाल ही में उसके खिलाफ 2 मुकदमें भी दर्ज किए गए थे।