Noida News : प्राधिकरण पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन पर पुलिस ने लगाये ब्रेक
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 01:48 PM
Noida: नोएडा । विभिन्न मांगों को लेकर आज नोएडा प्राधिकरण पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन पर पुलिस ने ब्रेक लगा दिये।
प्रदर्शन पर अड़े झुग्गीवासियों से प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) इंदु प्रकाश सिंह से वार्ता करा दी गयी। झुग्गीवासियों ने उन्हें ज्ञापन दे दिया। ओएसडी ने समुचित मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रस्तावित धरना प्रदर्शन समाप्त होगा।
आज नोएडा झुुग्गी-झोपड़ी संयुक्त पुर्नवास मंच का प्राधिकरण पर धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित था। सुबह जब सैकड़ों की तादाद में झुग्गीवासी सेक्टर-8, 9, 10 बांस बल्ली मार्केट पर एकत्रित हुए। तभी पुलिस ने पहुंचकर धारा-144 का हवाला दिया तथा प्रदर्शन न करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन पर अड़े झुग्गीवासियों की मांग पर प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह व एसीपी रजनीश वर्मा भी मौके पर पहुंच गये। झुग्गीवासियों ने वार्ता करने के बाद उन्हें ज्ञापन दे दिया। ओएसडी ने आश्वासन दिया कि वे उनकी मांगें सीईओ तक पहुंचा देंगे। इससे पूर्व कल रात में पुलिस ने प्रदर्शन करने वाले नेताओं को नोटिस जारी कर धरना-प्रदर्शन को रोकने के निर्देश दिये।
आज ज्ञापन देने वालों में झुग्गी-झोपड़ी संयुक्त पुनर्वास मंच के संयोजक गंगेश्वर दत्त शर्मा, अध्यक्ष रमाकांत सिंह, कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष शाहबुददीन, मुन्ना आलम, उपदेश श्रीवास्तव आदि कई पदाधिकारी तथा सैकड़ों झुग्गीवासी मौजूद थे।