Noida News : सुंदर भाटी गैंग के शूटर संदीप की संपत्ति होगी कुर्क
Property of Sundar Bhati gang shooter Sandeep will be attached
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:58 AM
Noida News : नोएडा। उत्तर प्रदेश पुलिस के बर्खास्त सिपाही एवं कुख्यात माफिया सुंदर भाटी गिरोह के शार्प शूटर संदीप नागर व उसके बेटे के खिलाफ थाना दनकौर पुलिस ने कुर्की की कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस ने धारा-82 के तहत आरोपियों के घर के बाहर 1 माह के भीतर न्यायालय में पेश न होने पर चल अचल संपत्ति को कुर्क करने की उदघोषणा की। कुर्की की कार्रवाई से संबंधित न्यायालय का नोटिस भी आरोपियों के घर पर पुलिस ने चस्पा कर दिया है।
Noida News :
थाना प्रभारी राधारमन ने बताया कि ग्राम जुनेदपुर की मढैया गांव निवासी संदीप नागर पुत्र भीमसिंह व उसके पुत्र पुनीत उर्फ आशू उर्फ आशीष के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने व रंगदारी मांगने के आरोप में वर्ष 2020 में मुकदमा दर्ज हुआ था। पिता पुत्र दोनों तभी से फरार चल रहे हैं। न्यायालय ने इनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करने के साथ-साथ धारा 82 की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने जुनेदपुर की मढैया गांव पहुंचकर धारा 82 के तहत आरोपियों के घर के बाहर उनकी चल अचल संपत्ति को कुर्क किए जाने की उदघोषणा की। थाना प्रभारी ने बताया कि उद्घोषणा के एक माह के भीतर अगर आरोपी न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष सरेंडर नहीं हुए तो इनकी चल और अचल संपत्ति को कुर्क कर लिया जाएगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि संदीप नागर पहले उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही था। अपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने के कारण उसे बर्खास्त कर दिया गया था। वह कुख्यात माफिया सरगना सुंदर भाटी गैंग का शार्प शूटर है। संदीप नागर पर दर्जनों मुकदमे पंजीकृत हैं और वह दनकौर थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।