Noida: नोएडा। हिंडन के डूब क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने के दौरान बलवा व सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। थाना फेस 3 में नोएडा प्राधिकरण के जेई ने 5 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया था। थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि 21 जुलाई को नोएडा प्राधिकरण की टीम व पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से हिंडन क्षेत्र में अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान जयवीर यादव पुत्र, कृष्ण कुमार यादव पुत्रगण रामपाल यादव, विकास यादव, कौशलेंद्र यादव पुत्रगण कृष्ण कुमार यादव व अंकित यादव पुत्र जयवीर यादव निवासी ग्राम बहलोलपुर ने कार्रवाई का विरोध कर टीम के साथ गाली-गलौज कर हाथापाई की। इस दौरान आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली।
थाना प्रभारी ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण वर्क सर्किल 6 के अवर अभियंता मुरारी लाल रावत की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 147 ,148, 504, 506, 332, 353, 323, 447,34 के तहत मुकदमा दर्ज कर इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें कि प्राधिकरण व पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर हिंडन के डूब क्षेत्र से फर्नीचर की 25 अवैध दुकानों को हटाया था। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद करीब 6000 वर्ग मीटर जमीन से कब्जा हटाया गया। कब्जा मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये है।