Noida News : एलीवेटिड रोड के निर्माण में देरी से जनता नाराज
भारत
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 01:55 PM
Noida : नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही से डीएनडी पर निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड निर्माण की धीमी गति पर विभिन्न संगठनों ने नाराजगी जताई है। इसको लेकर नोएडा विलेज रेजीडेंटस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा के विधायक पंकज सिंह से मुलाकात की। नोवरा अध्यक्ष रंजन तोमर ने कहा कि प्राधिकरण ने सबसे पहले 2021 तक इसे बनाने की बात कही थी, फिर 2022 दिसंबर तक समाप्त कर लेने की बात आम जनता के सामने रखी। अब यह समयसीमा भी 2023 कर दी गई है और इसमें नया अप्रोच रोड बनाने का प्रावधान भी जोड़ दिया गया है, जिससे और ज्यादा देर होने की सम्भावना है। इस रूट पर सलारपुर भंगेल और बरौला जैसी नामचीन ग्रामीण मार्केट स्थित हैं, जिनके व्यापारियों और मकान मालिकों को पिछले कई वर्षों से नुकसान और परेशानी लगातार झेलनी पड़ रही है।
नोवरा ने नोएडा के विधायक पंकज सिंह से मुलाकात कर मांग की है कि जल्द से जल्द एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाना चाहिए। फिर नए एप्रोच रोड आदि इससे जोड़े जाएं। इसके आलावा जब तक रोड नहीं बन जाता, प्राधिकरण एलिवेटेड रोड के नीचे पड़ने वाले रास्ते को ठीक करे, ताकि वहां आम जनमानस को परेशानी न हो और वहां के व्यापारियों को नुकसान न हो।
विधायक पंकज सिंह ने कहा कि वह इस मसले पर शीघ्र ही प्राधिकरण से बात करेंगे और जरूरत पड़ने पर भंगेल सलारपुर आदि क्षेत्रों का दौरा भी करेंगे। इस दौरान भंगेल मोबाइल मार्केट एसोसिएशन से कुलदीप चौहान, नोवरा महासचिव पुनीत राणा, मोहित सिसोदिया एवं दिनेश सिसोदिया आदि उपस्थित रहे।