Noida News : नामी बिल्डर सुपरटेक के विरुद्ध जन आक्रोश जारी, लगे सुपरटेक चोर है के नारे
Public outrage continues against renowned builder Supertech, slogans of Supertech Chor Hai
भारत
चेतना मंच
30 Apr 2023 09:19 PM
ग्रेटर नोएडा। एक अदद आशियाने के लिए जीवनभर की कमाई बिल्डरों को देने के बावजूद निवासी चैन से नहीं रह पा रहे हैं। हर दिन किसी न किसी सोसायटी में बिल्डरों के खिलाफ निवासी आंदोलन के लिए बाध्य होते हैं। अब सुपरटेक बिल्डर के इकोविलेज-1 सोसाइटी के निवासी बिल्डर के खिलाफ धरने पर बैठे हैं। सोसायटी में मूलभूत सुविधाओं के लिए बीते आठ दिनों से धरने पर बैठे नागरिकों ने आज सुपरटेक चोर है के नारे लगाए। निवासियों का कहना है कि बिल्डर ने उन्हें परेशान कर रखा है। वर्षों से हम सिर्फ धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। हम चैन से कभी नहीं रहे हैं।
Noida News
प्राधिकरण और प्रशासन ने भी कुछ नहीं किया
सोसायटी में मूलभूत सुविधाओं का वर्षों से टोटा है। लाखों रुपये खर्च कर यहां आशियाना बनाने वालों ने अनेक बार बिल्डर को समस्याओं से अवगत कराया। लेकिन, बिल्डर ने कभी भी समस्याओं के समाधान की कोई कोशिश नहीं की। इस बात से कुपित होकर निवासियों ने अब आरपार की लड़ाई का मन बनाया है। सोसायटी के लोग बीते आठ दिनों से बेमियादी धरने पर बैठे हैं। धरने पर बैठे निवासियों का कहना है कि समस्याओं के समाधान के लिए बिल्डर के अलावा जिला प्रशासन और ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी से भी कई बार शिकायत की, लेकिन किसी ने भी उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कुछ नहीं किया।
सांसद और विधायक ने भी नहीं सुनीं बात
सुपरटेक के ईकोविलेज-1 के निवासियों का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय सांसद और विधायक से भी मुलाकात की। लेकिन, वहां से भी उन्हें निराशा ही हाथ लगी। अब उन्होंने सांसद और विधायकों से वहां वोट मांगने से मना कर दिया है। धरनास्थल पर लगाए गए बैनर पर लिखा है, सुपरटेक ईकोविलेज-वन की जनता त्रस्त, सांसद और विधायक मस्त। वहां एक अन्य पोस्टर पर लिखा है 'सुपरटेक चोर है के लगे नारे, पीड़ित लोग 'योगी योगी' पुकारे।
Noida News
पांच हजार से अधिक लोग रहते हैं सोसायटी में
धरने पर बैठे लोगों ने बताया कि सुपरटेक ईकोविलेज-1 में लगभग 5,000 लोग रह रहे हैं, लेकिन कोई भी कभी चैन से नहीं रहा। कभी बिजली को लेकर, तो कभी खराब निर्माण के कारण इमारतों के धंसने के कारण हम लोग परेशान हैं। अब गर्मी में लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। बिल्डर ने बिजली 900 किलोवॉट का कनेक्शन लिया हुआ है, लेकिन लोग उस हिसाब से ज्यादा हैं। ऐसे में बिजली की समस्या होती रहती है। वोल्टेज लगातार कम होने और लाइट कटने की दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। ऐसे में यहां गर्मी में रहना कठिन होता है। इनका इंफ्रास्ट्रक्चर इतना कमजोर है कि पावर सप्लाई ठीक से नहीं हो पाता है। हम लगातार यह दिक्कत उठाते रहे हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। इसलिए थक-हारकर हम धरने पर बैठे हैं।
एक किलोवाट के लिए बिल्डर मांग रहा 29,400 रुपये
धरने पर बैठे एक अन्य निवासी ने बताया कि जब बिजली सप्लाई कम है और लोग ज्यादा हैं तो ऐसे में हमें जरूरत है ज्यादा पावर सप्लाई की। लेकिन, अब बिल्डर कह रहा है कि पावर बढ़ाना है तो कम से कम 29,400 रुपये एक केवी का देना होगा। यह रकम बहुत ज्यादा है। एनपीसीएल से कहीं ज्यादा है। हम मांग कर रहे हैं कि बिजली का रेट इतना ज्यादा न हो। हम बीते रविवार से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होती, हम यहां से नहीं उठेंगे।
नोएडा ग्रेटर– नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिएचेतना मंचसे जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।