Noida News : जेपी अमन सोसायटी के निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ खोला मोर्चा
Noida News: Residents of JP Aman Society open front against builder
भारत
चेतना मंच
20 May 2023 06:35 PM
Noida News : बिल्डर की मनमानी से परेशान ग्रेटर नोएडा की जेपी अमन सोसायटी के लोग आज बिल्डर के सेक्टरी-128 स्थित कार्यालय पर पहुंचे। सोसायटी वासियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर मेंटेनेंस शुल्क देने के बावजूद भी उन्हें सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। सोसाइटी में खराब लिफ्ट की वजह से हमेशा बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।
Noida News :
जेपी अमन सोसाइटी में व्याप्त समस्याओं से परेशान सोसाइटी वासी आज सुबह सेक्टर-128 स्थित जेपी विश टाउन में जेपी बिल्डर के कार्यालय पर पहुंचे। इस दौरान सोसायटी वासियों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके निराकरण की मांग की। सोसायटी वासियों का कहना था कि सोसाइटी की कई लिफ्ट खराब चल रही है। जो लिफ्ट चालू हालत में हैं उनके सेंसर खराब हैं जिस कारण उनसे हमेशा बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा सोसाइटी में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। मजबूरी में लोगों को गंदा पानी प्रयोग में लाना पड़ रहा है। सोसायटी वासियों ने कई अन्य समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। सोसायटी वासियों का कहना था कि बिल्डर द्वारा उनसे समय से मेंटेनेंस शुल्क लिया जा रहा है लेकिन बदले में उन्हें सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं।
बिल्डर कार्यालय के कर्मियों ने सोसायटी वासियों को अपने मेंटेनेंस स्टाफ से बात करने को कहा जिस पर सोसाइटी वासी भडक़ गए। सोसायटी वासियों का कहना था कि उनका मेंटेनेंस स्टाफ उनकी नहीं सुन रहा है और उन्हें इधर से उधर दौड़ाया जा रहा है। सोसायटी वासियों के बिल्डर कार्यालय पहुंचने की सूचना मिलने पर थाना सेक्टर 126 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सोसायटी वासियों की बिल्डर के कर्मियों से वार्ता कराई।