
Noida News: मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति से मोबाइल लूट कर भाग रहा बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। उसके पास से लूटा गया मोबाइल फोन, तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद हुई है। पकड़ा गया बदमाश शातिर मोबाइल स्नेचर है और इस पर करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
एडीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि आज सुबह साजिद नामक व्यक्ति मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। सेक्टर-8 के पास बिना नंबर की बाइक पर सवार एक झपटमार उनसे मोबाइल छीन कर भाग निकला। साजिद ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। सेक्टर-15 के पास चेकिंग कर रहे थाना फेस-1 प्रभारी विरेशपाल गिरी की टीम ने बगैर नंबर की बाइक पर आ रहे एक युवक को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर युवक गोली चलाते हुए भाग निकला।
जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा उसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम जय किशन उर्फ रोहित पुत्र दुखा ठाकुर बताया। पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और हाल में दिल्ली के शुक्ला कॉलोनी आजाद नगर में रह रहा है। इसके पास से तमंचा कारतूस व साजिद से लूटे गए मोबाइल सहित तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए जय किशन पर लूट व छिनैती के करीब एक दर्जन मामले विभिन्न थानों में दर्ज है। पकड़ा गया आरोपी वर्ष 2021 में थाना सेक्टर 20 से गैंगस्टर एक्ट में भी जेल गया था। पुलिस इसके अपराधिक इतिहास की पड़ताल कर रही है।