Noida News : वेंडिंग जोन का दायरा बढ़ाने से सेक्टरवासियों को परेशानी
Vendor Zone in Noida
भारत
चेतना मंच
22 Nov 2022 10:50 PM
Noida News : नोएडा। सेक्टरों में वेंडिंग जोन का दायरा बढ़ाने तथा स्थापित वेंडिंग जोन में हॉकर्स की संख्या बढ़ाने के प्राधिकरण के फैसले का विरोध होने लगा है। सेक्टरवासियों का कहना है कि आरडब्ल्यूए व निवासियों के परामर्श के बिना यह निर्णय लिया गया है।
फोनरवा के महासचिव के.के. जैन ने बताया कि इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी को पत्र लिखा गया है। उन्होंने बताया कि सेक्टरों की आरडब्ल्यूए व निवासियों के परामर्श के बिना लिए जा रहे फैसले से नाराजगी है। इसके कारण निवासियों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। सेक्टरों में 15-20 मिनट के ट्रैफिक जाम रहता है।
कुछ समय पहले इसको लेकर बैठक भी हुई थी जिसके बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये थे कि संबंधित आरडब्ल्यूए के परामर्श से वेंडिंग जोन स्थापित किया जाए। इसके बावजूद फेरीवालों आदि की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
परिणामस्वरूप सेक्टरों के निवासी वेंडिंग जोन स्थापित करने की नोएडा प्राधिकरण की योजना का विरोध करने लगे हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि एक बार वेंडर जोन स्थापित हो जाने के बाद, कई अज्ञात लोग सेक्टर में घूमेंगे जो एक सुरक्षा चिंता का विषय है। इससे नोएडा को स्वच्छता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के प्रयासों को भी धक्का लगेगा। इससे सेक्टरों के सौंदर्यीकरण पर भी असर पड़ता है।