Noida News : जीसस एंड मैरी स्कूल को झटका ,195 अभिभावकों को लौटानी होगी वसूली गई धनराशि
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 08:26 AM
Noida : नोएडा । कोविड महामारी(Corona ) के दौरान स्कूल प्रबंधन द्वारा अभिभावकों से बढ़ी हुई अतिरिक्त फीस वसूलने के बारे में काफी लंबी लड़ाई के बाद अब अभिभावकों को कामयाबी मिली है। गौतमबुद्घनगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने स्कूल प्रबंधन को 15 दिनों में अभिभावकों से वसूली गई धनराशि वापस करने के निर्देश दिए हैं। इसकी पुष्टि जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ धर्मवीर सिंह ने की है।
दरअसल ग्रेटर नोएडा स्थित जीसस एंड मैरी पब्लिक स्कूल (Jesus and Mary Public School) ले कोविड-19 के दौरान छात्रों के अभिभावकों से 10,000 अतिरिक्त फीस की वसूली की। जबकि शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि कोविड-19 के दौरान स्कूल अभिभावकों से बढ़ी हुई फीस नहीं लेंगे।
स्कूल प्रबंधन ने सत्र 2021-2022 के दौरान 195 छात्रों से प्रवेश-शुल्क के नाम प्रति छात्र 10 हजार रूपए की दर से बढ़ी हुई फीस की वसूली की। इस मामले को लेकर अभिभावकों ने काफी विरोध जताया तथा उन्होंने जिला प्रशासन से लेकर जिला नियामक कमेटी से भी शिकायत की। कमेटी ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि वे अभिभावकों से बढ़ी हुई फीस न वसूलें। इसके बावजूद भी स्कूल प्रबंधन अपनी मनमानी पर अड़ा रहा तथा अभिभावकों से बढ़ी हुई फीस वसूली। इसके खिलाफ ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-3 में रहने वाले अभिभावक अश्वनी गोयल ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। हाईकोर्ट ने स्कूल प्रबंधन को फीस वापस करने के निर्देश दिये। लंबी लड़ाई के बाद अब जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि वे 15 दिनों के भीतर अभिभावकों से वसूली गई बढ़ी हुई फीस वापस करें।