Noida News : कड़ाके की सर्दी में पुलिसकर्मियों की ठंड भगायेगी 'चाय की चुस्की'
Noida News: 'Sip of tea' will drive away the cold of the policemen in the harsh winter
भारत
चेतना मंच
04 Jan 2023 04:45 PM
Noida News : कड़ाके की सर्दी में आम जनता की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए गौतमबुद्घनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की एक पहल की सर्वत्र सराहना हो रही है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह (Police Commissioner Gautam Buddha Nagar Laxmi Singh) ने सर्दी के मौसम में एक्सप्रेस-वे व सुनसान जगहों पर रात्रि ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए प्रतिदिन चाय वितरित कराने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को सर्दी से बचाव के लिए दस्ताने, स्कार्फ व कैप भी वितरित किए।
Noida News :
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने अपर पुलिस आयुक्त कानून/व्यवस्था रविशंकर छवि, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय भारती सिंह, एडीसीपी क्राइम/स्टाफ ऑफिसर के साथ एडवांट बिल्डिंग के पास एक्सप्रेसवे पर ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों के साथ चाय पीकर इस अभियान की शुरुआत की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि यह व्यवस्था पुलिस लाइन, गौतमबुद्धनगर से कराई जाएगी। प्रतिदिन रात्रि के समय कम से कम 2 या इससे अधिक बार मुख्य रूप से एक्सप्रेस-वे व ऐसे ड्यूटी स्थलों से प्रारंभ की जायेगी। जहां पर आसपास चाय की दुकान अत्यधिक दूरी पर हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य जनता की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को सर्दी के मौसम में बीमार होने से बचाने का है। जिससे वह अपनी ड्यूटी के प्रति कर्तव्यों का पालन, अपने आप को सुरक्षित रखते हुए सही ढंग से कर सके।
कमिश्नर की इस पहल की शहर में सराहना हो रही है। नागरिकों का कहना है कि कड़ाके की सर्दी में पुलिसकर्मियों का हौंसला बढ़ाने के लिए यह एक सराहनीय पहल है।