Noida News : सिस्टर सैलीन ने रिक्शा वितरण की वर्षगांठ पर साझा की खुशियां
Sister Saline shared happiness by distributing rickshaw
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 01:32 PM
Noida : नोएडा। समाजसेवा के लिए अपना पूरा जीवन अर्पण कर जरूरतमंदों की आर्थिक दशा सुधारने में जुटी वयोवृद्ध सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सिस्टर सैलीन ने रिक्शा वितरण की 17वीं वर्षगांठ पर रिक्शा चालकों के साथ खुशियां सांझा की। उपहार स्वरूप टी-शर्ट वितरित करने के साथ-साथ उन्होंने रिक्शा चालकों को अच्छे रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया। सेक्टर-17 स्थित एसीसी कान्वेंट स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान कई लघु नाटिका के माध्यम से नन्हें-मुन्ने बच्चों ने बुराई से दूर रहने का संदेश दिया।
Noida News :
कार्यक्रम में उपस्थित बीएचईएल सेक्टर-17 के डिप्टी जनरल मैनेजर सुभाष ने कहा कि सिस्टर सैलीन द्वारा रिक्शा चालकों की आर्थिक दशा सुधारने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। बगैर किसी भेदभाव के उन्होंने हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाने का एक भागीरथी प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि समाज का हर व्यक्ति अगर जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आए तो काफी हद तक आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की दशा को सुधारा जा सकता है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वह अपने नैतिक दायित्व को समझें और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।
फादर असीम ने रिक्शा चालकों का आह्वान किया कि वे व्यसनों से दूर रहें और अपने परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी से पूरा करें। उन्होंने कहा कि काम के प्रति लगन और निष्ठा इंसान को सफलता अवश्य दिलाती है। फादर असीम ने सिस्टर सैलीन का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2005 में एक जरूरतमंद व्यक्ति को निशुल्क रिक्शा देकर उसे आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया था। जरूरतमंदों की दशा सुधारने का संकल्प लेने वाली सिस्टर सैलीन ने अब तक 478 लोगों को रिक्शा उपलब्ध करा कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का अनुकरणीय प्रयास किया है।
Noida News :
रिक्शा चालकों को संबोधित करते हुए एसीसी कॉन्वेंट स्कूल की पूर्व प्रधानाचार्य सिस्टर सैलीन ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना सभी का नैतिक दायित्व बनता है। अगर कोई व्यक्ति किसी जरूरतमंद को देखे तो अपनी सामर्थ्य के अनुसार उसकी मदद जरूर करे। उन्होंने रिक्शा चालकांे का आह्वान किया कि वह शराब व अन्य नशे दूर रहें और समाज तथा अपने परिवार के प्रति जिम्मेदारी को निभाए। कार्यक्रम में मनमोहक प्रस्तुति देने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर फादर सुदेश, फादर जोसन, फादर मैथ्यू जोन, सिस्टर शीबा,बेट्टी,थेरिस,अंजुमला सहित बड़ी संख्या में रिक्शा चालक मौजूद थे।