Noida: नोएडा । कार के बोनट पर बैठकर रील बनाने व स्टंट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वायरल वीडियो व नागरिकों की शिकायत के पश्चात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। थाना सेक्टर-113 प्रभारी शरदकांत ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक 21 सेकंड का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें हाई राइज बिल्डिंग के बीच सड़क पर फिल्माए गए वीडियो में युवक चलती हुई एसयूवी कार के बोनट पर बैठा हुआ दिख रहा था। इस दौरान यहां से अन्य कार तेज गति में जा रही थी। वायरल वीडियो की जांच पड़ताल की गई तो पता चला के वीडियो में दिखने वाला युवक बरौला का योगेंद्र है। इसके पश्चात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए योगेंद्र को गिरफ्तार कर कार को सीज कर दिया।
वही थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने भी एक हॉस्टल के पास शराब के नशे में कार से स्टंट कर रहे दो स्टंटबाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्टंट में प्रयुक्त स्कार्पियो व फॉर्च्यूनर कार भी सीज की है। थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि कुछ युवक नॉलेज पार्क 3 स्थित पाखीज नेस्ट हॉस्टल के पास शराब के नशे में अपनी गाड़ी से स्टंट कर रहे थे। इस दौरान उमा वर्मा ने उन्हें ऐसा करने से रोका। स्टंट कर रहे लोगों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी। उमा वर्मा ने इसकी शिकायत थाना नॉलेज पार्क पुलिस से की। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रशांत कुमार व भवसागर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने स्टंट में प्रयुक्त स्कॉर्पियो फॉर्च्यूनर कार को भी सीज कर दिया है।