Noida News : भ्रष्टाचार का अडडा बना है सब रजिस्ट्रार का दफ्तर: सी.एस. नागर
Noida News: Sub-registrar's office has become den of corruption: C.S. Nagar
भारत
चेतना मंच
19 May 2023 09:19 PM
Noida News : सेक्टर-32 स्थित निबंधन कार्यालय भ्रष्टाचार का अडडा बन चुका है। भ्रष्टाचार का आलम यह है कि सब रजिस्ट्रार के संरक्षण में संविदा पर कार्यरत कर्मचारी भी खुलेआम रिश्वतखोरी कर रहे हैं। जबकि वे लाइसेंसी बैनामा लेखक (डीडराइटर) भी हैं। यह आरोप लगाये बार एसोसिएशन ऑफ एडवोकेट एंड डीडराइटर्स के अध्यक्ष सी.एस. नागर ने।
Noida News :
कार्यवाही न हुई तो एसोसिएशन करेगी आंदोलन
श्री नागर ने बताया कि सब रजिस्ट्रार कार्यालय में आधा दर्जन संविदा पर टाइपिस्ट कार्यरत हैं जो डाटा एंट्री के अलावा टाइपिंग व अन्य संबंधित कार्य करते हैं। ये सभी लाइसेंसी बैनामा लेखक भी हैं। वे सीधे पार्टियों से संपर्क स्थापित करके उनका पूरा कार्य करते हैं तथा बदले में उनसे जमकर वसूली भी कर रहे हैं। इस बात की शिकायत संबंधित अधिकारियों से भी की गई पर रिश्वतखोरी खत्म नहीं हो रही है।
उनका आरोप है कि तत्काल प्रभाव से संविदा पर तैनात कर्मचारी पिंटू, अर्जुन, आशु, मोनू तथा सोनू आदि को संविदा के पदों से हटाया जाए तथा उनको संरक्षण देने वाले अधिकारियों पर कार्यवाही की जाए।यदि ऐसा नहीं हुआ तो उनकी एसोसिएशन आंदोलन करेगी तथा मामले की शिकायत, जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री तथा प्रदेश के मुख्य सचिव एवं विभाग के शीर्ष अफसरों से करेगी। एडवोकेट प्रवीण कुमार का आरोप है कि संविदा कर्मचारियों को हमारे एसोसिएशन के कुछ सदस्यों का भी संरक्षण है। यदि उन पर कार्यवाही नहीं हुई तो हम आंदोलन करेंगे। इस बाबत जब एआईजी (स्टाम्प) बी.एस. वर्मा से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इसको लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं है और न ही इस तरह की कोई शिकायत मिली है।