Noida News : गोल्फ कोर्स स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या
Noida Metro
भारत
RP Raghuvanshi
19 Sep 2022 10:32 PM
Noida News : नोएडा। गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन पर सोमवार की सुबह राजेश नामक एक व्यक्ति ने मेट्रो ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। राजेश सूरजपुर में एमआरएफ टायर कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के मुताबिक मूल रूप से ग्राम गोची जिला झज्जर हरियाणा निवासी 40 वर्षीय राजेश पुत्र सुखबीर सिंह अपनी पत्नी के साथ घर जाने के लिए गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन पर पहुंचे थे। पति पत्नी दोनों मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान सिटी सेंटर की तरफ से आ रही मेट्रो ट्रेन के सामने राजेश ने अचानक छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से मेट्रो स्टेशन पर हड़कंप मच गया।
घटना के बाद कुछ देर तक आवागमन बाधित हो गया। आनन-फानन में मेट्रोकर्मियों ने शव को ट्रैक से हटाया। उसके बाद मेट्रो का परिचालन शुरू हो सका। थाना प्रभारी ने बताया कि राजेश सूरजपुर स्थित एमआरएफ टायर कंपनी में सुपरवाइजर थे और पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहे थे।