Noida News : तीन कंपनियों में पकड़ी 3.72 करोड़ रूपये की कर चोरी
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 02:31 PM
Noida: नोएडा । नोएडा के सेक्टर-63 स्थित एक इमारत स्थित तीन कंपनियों पर मंगलवार को राज्य वाणिज्यकर विभाग (विशेष अनुसंधान शाखा) की टीम ने छापा मारा। फर्जी कंपनी से लेनदेन दिखाने के अलावा कंपनियां आपस में बिल घुमाकर टैक्स चोरी कर रही थी। 22.67 करोड़ रुपये वार्षिक टर्नओवर वाली इन कंपनियों द्वारा 3.72 करोड़ रुपये की कर चोरी पकड़ी गई है। इनमें से दो कंपनियां कई साल से जीएसटी में पंजीकृत हैं।
राज्य वाणिज्यकर विभाग गौतमबुद्ध नगर के ज्वाइंट कमिश्नर मनोज कुमार ने बताया कि नोएडा जोन के संभाग बी द्वारा खंड दस की ओर से तीन कंपनियों की जांच की गई थी। कंपनी इलेक्ट्रिक स्कूटर, एलईडी लाइट्स, सेल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का निर्माण व बिक्री करती है। एक कंपनी द्वारा आपस में लगभग 850 लाख की सरकुलर ट्रेडिंग करके कर की चोरी की जा रही थी। इसमें कंपनियां आपस में ही बिल घुमाकर टैक्स की चोरी कर कर रही थी। वहीं दूसरी कंपनी की ओर से 554.45 लाख का माल ऐसी कंपनी से मंगाया दिखाया गया था, जो कि थी ही नहीं। इसमें अकेले एक बिल का मूल्य 310 लाख रुपये है। सभी बिल को सीज कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि तीन कंपनियों से 814.54 लाख रुपये का माल, अभिलेखों और बही खाता में दर्ज न होने के कारण सीज कर दिया गया है। कंपनी ने 352 लाख रुपये का माल, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स आदि सामान है, फर्जी कंपनी को बिक्री दिखाते हुए टैक्स चोरी की है। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए कर की वसूली की जा रही है।