Noida News: पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त जीवन शैली के तरीके बताए
भारत
चेतना मंच
28 Mar 2022 06:19 PM
Noida : नोएडा । अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय श्रीमती भारती सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों को तनाव मुक्त रखने, जीवन में अनुशासन लाने व आध्यात्मिक ज्ञान के उद्देश्य से ब्रह्मकुमारी दीदी के सहयोग से पुलिस कमिश्नर कार्यालय सेक्टर-108 के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिसकर्मियों के व्यस्तापूर्ण ड्यूटी शेड्यूल, खान-पान में असंतुलन का असर उनकी कार्यशैली, स्वास्थ्य पर पड़ता है, इसी के दृष्टिगत पुलिस कमिश्नर कार्यालय सेक्टर-108 के सभागार में पुलिसकर्मियों को तनाव मुक्त रखने, जीवनशैली को संतुलित करने व आध्यात्मिक ज्ञान के उद्देश्य से ब्रह्मकुमारी दीदी के सहयोग से एक कार्यक्रम आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय श्रीमती भारती सिंह व ब्रह्मकुमारी संस्था के सदस्यों द्वारा दीपक प्रज्वलित करके किया गया। उक्त कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारी दीदी रेणु, दीदी पुष्पा, दीदी हेमा व दीपक भाई और उनके साथ आए अन्य ब्रह्मकुमारी संस्था के लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ उनके तनावपूर्ण जीवन के बारे में बात करते हुए उन्हें आंतरिक ज्ञान दिया एवं पुलिसकर्मी किस प्रकार अपने जीवन को तनाव मुक्त रख सकते है यह भी बताया गया।
उनके द्वारा उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों को डाइट चार्ट बुक, स्प्रिचुअल बुक्स, हेल्थी डाइटचार्ट फॉर माइंड्स एवं बैलेंसिंग कार्ड भी वितरित किए गए। इस अवसर पर डीसीपी प्रथम नोएडा राजेश एस, डीसीपी सेंट्रल हरिश्चंद्र, एडीसीपी ग्रेटर नोएडा अमित कुमार व सहायक पुलिस आयुक्त प्रथम रणविजय सिंह, एडिशनल डीसीपी सेंट्रल नोएडा इलामारान, एडीसीपी ग्रेटर नोएडा विशाल पांडे के साथ लगभग 150 से अधिक पुलिसकर्मियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।