Noida News : बिजली विभाग के पेंशनर्स को मिल रही रियायतों की होगी जांच
Electric Meter
भारत
चेतना मंच
08 Oct 2022 11:25 PM
Noida News : नोएडा । उत्तर प्रदेश विद्युत विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मचारियों के घरों में लगे मीटर व बिजली बिलों की जांच कराई जाएगी। विभाग को पिछले कुछ समय से शिकायतें मिल रही थीं कि पेंशनर्स विभाग की ओर से मिलने वाली सुविधाओं का दुरूपयोग कर रहे हैं।
Noida News :
ज्ञात हो कि विद्युत विभाग पेंशनरों को कुछ शर्तों पर सस्ती बिजली मुहैया करता है। चतुर्थ श्रेणी के पद से सेवानिृत्त हुए कर्मचारियों को 409 रूपए मासिक (फिक्स चार्ज), तृतीय श्रेणी के (499 रूपये मासिक), जेई श्रेणी के (832 रूपये), एई श्रेणी को (1507 रूपये मासिक) तथा सीई श्रेणी के पद से सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों को 1706 रूपये फिक्स बिजली बिल दिया जाता है। एसी का इस्तेमाल करने वालों को अप्रैल से सितंबर तक 650 रूपये अतिरिक्त देना पड़ता है।
ग्रामीण वितरण खंड-पेंशन एंड, एक्सईएन संदीप मौर्या ने बताया कि पेंशनर्स को विभाग द्वारा दी गयी सुविधा के दुरूपयोग की शिकायतें मिली हैं। तीन बिन्दुओं पर जांच का निर्णय लिया गया है। जिनमें पेंशनरों के परिसरों में लगे एसी की संख्या एक से अधिक परिसर पर विभागीय सुविधा का इस्तेमाल तथा बिजली बिल जमा कराने की जांच होगी।
श्री मौर्या ने बताया कि कुछ पेंशनर्स ने बिना घोषणा के एसी लगा रखे हैं और अतिरिक्त भुगतान नहीं कर रहे हैं। इसलिए जांच का निर्णय लिया गया है। इस जांच में लगभग 3200 पेंशनर्स के घरों की जांच की तैयारी की गयी है।
उत्तर प्रदेश पॉवर कॉर्पोरेशन में अधीक्षण अभियंता के पद से सेवानिवृत्त हुए तथा हाल ही में दिल्ली विद्युत नियमाक आयोग के उपभोक्ता फोरम में सदस्य बने ए.के. सिंह ने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को यह सुविधा लेने के लिए विभाग को पूर्ण जानकारी तथा अपने घर का पता देना होता है। यदि कोई सेवानिवृत्त कर्मचारी एक से ज्यादा कनेक्शन का लाभ उठाने का प्रयास करता है तो यह अनुचित है। ऐसे पेंशनर्स के खिलाफ जांच विभाग द्वारा की जाती है।