Noida News : जिस देश का जवान व किसान भूखा रहेगा वह देश तरक्की नहीं कर सकता : अनिल शास्त्री
22nd Captain Shashikant Memorial Cricket Tournament concludes
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:05 AM
Noida News : नोएडा । जिस देश का किसान व जवान भूखा रहेगा वह देश कभी तरक्की नहीं कर सकता। इसीलिए पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री ने भारत को आर्थिक व सामरिक रूप से सम्पन्न बनाने के लिए 'जय जवान जय किसान ' का नारा दिया था। इसके बाद से हमारा देश खाद्यान्न के मामले में कभी किसी का मोहताज नहीं रहा। आज हम अन्य देशों को खाद्यान्न निर्यात कर रहे हैं। यह बात कही पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के ज्येष्ठï पुत्र अनिल शास्त्री ने।
वे सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में 22वें कैप्टन शशिकांत शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
Noida News :
श्री शास्त्री ने कहा कि आज हमारी सेना दुनिया में सर्वाधिक सशक्त व अत्याधुनिक संसाधनों से युक्त है। हमारा हर जवान देश रक्षा के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने में गर्व महसूस करता है। अतीत तथा वर्तमान का इतिहास इस बात का गवाह है। कैप्टन शशिकांत शर्मा भी उन्हीं रणबांकुरों में एक हैं। जिन्होंने देश की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति दे दी। कल हुए फाइनल मैच में जीतने वाली टीम सबा करीम क्रिकेट एकेडमी के धर्मेन्द्र शर्मा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, एस्टर क्रिकेट एकेडमी के स्वास्तिक चितकारा को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज तथा सबा करीम टीम के हर्ष विधूड़ी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब मिला।
श्री शास्त्री ने सभी को सम्मानित व पुरस्कृत किया। इसके पूर्व अनिल शास्त्री ने कैप्टन शशिकांत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर कैप्टन शशिकांत शर्मा के पिता फ्लाईंग लेफ्टीनेंट जे.पी. शर्मा, माताजी सुदेश शर्मा, बड़े भाई डा. नरेश शर्मा, उनकी पत्नी डा. संगीता शर्मा, मानव सेवा समिति के अध्यक्ष यू.के. भारद्वाज डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष शर्मा, शहर की आवाज करूणेश शर्मा, नवरत्न फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, विदित चौधरी, शिव तिवारी, शुभम भारद्वाज समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।