
Noida News Update: गौतमबुद्धनगर के ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी डीलिंग करने वाले कारोबारी की संदिग्ध मौत चर्चा का विषय बन गई है। इस कारोबारी की मौत कानपुर के बहुचर्चित करौली आश्रम में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि यह एक सामान्य मौत नहीं है, बल्कि हत्या है। करौली आश्रम के कर्ताधर्ता इसे सामान्य मौत करार दे रहे हैं।
कानपुर में स्थित करौली आश्रम और कानपुर पुलिस में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रेटर नोएडा के एक कारोबारी की लाश करौली आश्रम में मिली। आश्रम के कर्मचारियों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को कमरे से बाहर निकाला। सूचना मिलने के बाद कानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कारोबारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ग्रेटर नोएडा के कारोबारी के विसरा को सुरक्षित रख लिया है और जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक जब कारोबारी के शव को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया तो उसके शरीर पर खून के निशान मिले। रिपोर्ट के मुताबिक मृतक के बाएं पैर के अंगूठे पर खरोंच भी थीं। नाक से खून आ रहा था। दाहिने हाथ पर सलाइवा और खून के निशान मौजूद मिले। कारोबारी देवेंद्र सिंह भाटी के परिवार ने इस मामले में कुछ भी कहने से मना कर दिया है। कानपुर पुलिस के डीसीपी साउथ सलमान ताज पाटिल ने बताया कि परिवार वालों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। उधर, नोएडा कमिश्नरी की पुलिस भी इस मामले पर नजर बनाए हुए है। नोएडा पुलिस का कहना है कि हम पूरे प्रकरण की जानकारी जुटा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि देवेंद्र भाटी करौली आश्रम के समर्पित भक्त थे। बता दें कि करौली बाबा उर्फ डॉ.संतोष सिंह भदौरिया के आश्रम में 5 दिन पहले ग्रेटर नोएडा के एनएसजी अपार्टमेंट निवासी प्रॉपर्टी डीलर देवेंद्र सिंह भाटी आए हुए थे। बीते 30 अप्रैल की सुबह 7:30 बजे वह कमरे से निकले और रात 9:00 बजे वापस कमरे में गए थे। जब वह बाहर नहीं निकले तो सेवादारों को कुछ शक हुआ। मोबाइल कैमरे में रिकार्डिंग करते हुए हथौड़ी और कुल्हाड़ी से कमरे का गेट तोड़ा गया। आश्रम में तैनात कर्मी गोपाल गुप्ता के मुताबिक कमरा तोडऩे पर देवेंद्र सिंह का शव फर्श पर पेट के बल पड़ा हुआ था। Noida News Update