Noida News : नोएडा मे फिर आई गुंडई सामने , लाल बत्ती कार में आए गुंडों ने उड़ाई कानून की धज्जियां
The goons who came in the red light car flouted the law
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 09:14 PM
Noida : नोएडा। अपराध मुक्त यूपी अब सिर्फ सियासी नारा बनकर रह गया है। गौतमबुद्ध नगर में गुंडे खुलेआम नंगा नाच कर रहे हैं। उनके मन में पुलिस का कोई खौफ नहीं है। अभी कल ही एक भाजपा नेता को गुंडों ने सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था। अब नोएडा के सेक्टर-62 में लाल बत्ती सवार आधा दर्जन गुंडों ने एक नामी कंपनी के अफसर पर जानलेवा हमला किया है। हालांकि कोतवाली सेक्टर-58 की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन लाल बत्ती लगी कार पर सवार होकर भागने वाले गुंडे अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चर्चा है कि गुंडों का संबंध सफेदपोश नेताओं और अफसरों से होने के कारण पुलिस भी कार्रवाई से बच रही है।
Noida News :
कोतवाली सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर-62 स्थित रेल विहार हाउसिंग सोसायटी में एक नामी कंपनी के अधिकारी रहते हैं। बीती रात करीब 12 बजे वे अपने घर पर लौट रहे थे। उसी समय सोसायटी के मेन गेट पर नौ गुंडे सोसायटी में बेधड़क घुस गए। गार्ड के टोकने पर वे उससे भिड़ गए। उनके बीच कहासुनी हो ही रही थी कि वहां कंपनी के अफसर आ गए। उन्होंने मामले में हस्तक्षेप किया और बेवजह विवाद से रोका। इतने पर सभी 9 गुंडे आगबबूला हो गए। लाल बत्ती कार से आए गुंडों ने कंपनी के अधिकारी के साथ जमकर मारपीट की और दो गाड़ियों में सवार होकर आराम से निकल गए। उनमें से एक कार में लाल बत्ती लगी हुई थी।
हाई प्रोफाइल गुंडों के हमले से कंपनी अफसर जख्मी हो गए। उनकी शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-58 की पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। शिकायत में कहा गया है कि बिना बात के उन पर जानलेवा हमला किया गया। गुंडों की पिटाई से उन्हें बहुत चोटें आई हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाश बहुत जल्द सलाखों के पीछे होंगे।
Noida News :
पुलिस ने इस मामले में 6-7 अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन वीडियो में गुंडों की संख्या 09 दिख रही है। इस पूरी घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भी पुलिस की चुप्पी सवालों के घेरे में है। वीडियो में सभी गुंडों की शक्ल बिल्कुल साफ दिखाई दे रही है, इसलिए पुलिस के सामने उनकी पहचान का काई संकट नहीं है। बावजूद सोसायटी में घुसकर सरेआम गुंडागर्दी करने वाले अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। दबी जुबान से लोग चर्चा कर रहे हैं कि गुंडों के संबंध सफेदपोश नेताओं और अफसरों से होने के कारण पुलिस उन्हें बचाने में लगी है।
अचरज की बात है कि छात्र जैसे दिख रहे दबंग खुलेआम कानून की बखिया उधेड़ रहे हैं। वायरल वीडियो में मारपीट करने और लाल बत्ती लगी गाड़ी से भागते दिखने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि गुंडों में कोई किसी मंत्री का बेटा भी शामिल था। अब देखने की बात है कि पुलिस हाई प्रोफाइल गुंडों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है और भयग्रस्त सोसायटी के लोगों को किस तरह सुरक्षा का भरोसा देती है।