Noida News : अप्रैल माह में शुरू हो जाएगा पानी के मीटर लगाने का कार्य
भारत
चेतना मंच
21 Mar 2022 07:57 PM
Noida : नोएडा । नोएडा प्राधिकरण की बहुप्रतीक्षित पानी के मीटर लगाने की योजना अप्रैल माह में शुरू होने की संभावना है। मीटरों की गुणवत्ता जांचने प्राधिकरण की एम टीम इसी सप्ताह बंगलुरू अथवा लुधियाना जाने वाली है। इस टीम को हरी झंडी मिलने के बाद मीटर लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा। बता दें किवाटर मीटर लगाने के लिए बीसीआईटीएस कंपनी का चयन नोएडा प्राधिकरण ने किया है। यह कंपनी बैंगलुरू, लुधियाना आदि जगह वाटर मीटर तैयार करने का काम करती है। इन वाटर मीटर की गुणवत्ता कैसी है। इसकी जांच करने के लिए नोएडा प्राधिकरण की एक टीम बैंगलुरू जाएगी। यह टीम 26-27 मार्च को जाएगी। जांच में सबकुछ ठीक मिलने पर आगे की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। पहले चरण में यह 5 हजार कनेक्शन पर मीटर लगाए जाएंगे। इस चरण में मीटर लगवाने पर प्राधिकरण का साढ़े नौ करोड़ रुपए खर्चा आएगा।
अधिकारियों की मानें तो ये वाटर मीटर सभी बल्क कनेक्शन में लगाए जाएंगे। एक से डेढ़ साल से कंपनी का चयन करने की प्रक्रिया चल रही थी। वाटर मीटर के लिए यूनिट के हिसाब से शुल्क तय करने को प्राधिकरण में एक कमेटी बनी हुई है जो देश के अलग-अलग शहर में लागू शुल्क का अध्ययन कर रही है। उम्मीद है कि दिल्ली से कम शुल्क नोएडा में रखा जाएगा। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि मीटर लगाने की शुरुआत शहर के किस हिस्से से होगी यह जल्द तय कर लिया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि नोएडा प्राधिकरण दिल्ली-गुडग़ांव व देश के बाकी हिस्सों में लिए जा रहे शुल्क का आंकलन किया जा रहा है। इस वजह से देरी हो रही है। लेकिन जल्द ही इन पर मुहर लगा दी जाएगी।