
Noida News: ग्रेटर नोएडा। पुलिस द्वारा लगातार लूट और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अनेकों अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी के चलते थाना दादरी पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। थाना दादरी पुलिस द्वारा घरों में घुसकर चोरी करने वाले एक युवक और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी काफी लंबे समय से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किये गये आभूषण, मोबाइल व अन्य सामान बरामद किया गया है।
थाना दादरी पुलिस ने घरों में चोरी करने वाले आरोपी सोनू को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोनू पुत्र नरेंद्र मूल रूप से हरियाणा डेरी के पीछे मोहल्ला गगन विहार दादरी का रहने वाला है। पुलिस ने चोरी में सहभागिता करने वाले एक नाबालिग को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को रूपवास बायपास टी प्वाइंट जीटी रोड के पास से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सोने का मंगलसूत्र, तीन चांदी की पायल, चार चांदी के सिक्के, दो चांदी के कडे, चार चांदी की बिछिया, एक एलईडी टीवी, एक मोबाइल बरामद किये गये। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह सामान कल मधुसूदन भवन के पास आनंद विहार कॉलोनी दादरी के एक घर से ताला तोड़कर चोरी किया था।
थाना दादरी पुलिस ने बताया कि बीट पुलिसिंग के माध्यम से लोकल इंटेलिजेंस से जानकारी लेते हुए गोपनीय सूचना के आधार पर घरों में चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से चोरी किया गया सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। Noida News