Noida News : बुंदेलखंड लोकसंस्कृति कला की तीन दिवसीय प्रदर्शनी कल से
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 08:05 PM
Noida : नोएडा । रानी लक्ष्मी बाई के बलिदान दिवस पर सेक्टर-15 स्थित नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी परिसर में बुंदेलखंड की लोक संस्कृति कला एवं पुरातत्व को लेकर तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन कल 16 जून से शुरू होने जा रही है। इसका उदघाटन उप्र लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डा. प्रभात कुमार करेंगे। उनके साथ कालपी के विधायक विनोद चतुर्वेदी व उप्र के पूर्व मंत्री मदन चौहान भी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन अपनो बुंदेलखंड संस्था द्वारा किया जा रहा है। यह जानकारी आज पत्रकार वार्ता के दौरान नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने दी।
महेश सक्सेना ने बताया कि 19 जून को सेक्टर-12 के ईशान म्यूजिक कॉलेज प्रेक्षाग्रह में प्रात: 10 बजे से विचार मंथन भी किया जाएगा। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि संघ लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य पीके मिश्रा शिरकत करेंगे।वहीं इसकी अध्यक्षता बुंदेलखंड विकास बोर्ड के अध्यक्ष राजा बुंदेला करेंगे। कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता के तौर पर प्रसिद्ध साहित्यकार मैत्रेये पुष्पा, डॉ सुरेश श्रीवास्तव, डॉ मनोज पटेरिया, डॉ एसके दुबे, ज्ञानेंद्र सिंह तथा डॉक्टर भगवान दास पटेरिया संबोधित करेंगे। इस दौरान आल्हा गायन, बुंदेलखंडी हास्य कविता पाठ तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
उन्होंने बताया कि 18 जून को सायं 4:30 बजे सेक्टर 125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय प्रेक्षागृह में अपनों बुंदेलखंड सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा । जिसमें बतौर मुख्य अतिथि गौतमबुद्घनगर के सांसद व पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा तथा कार्यक्रम अध्यक्ष के तौर पर राज्यसभा के पूर्र्वमहासचिव डा. योगेन्द्र नारायण मौजूद रहेंगे। इस दौरान बुंदेली सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं बुंदेली प्रतिभा सम्मान का भी आयोजन होगा।
पत्रकार वार्ता में नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना , नोएडा लोकमंच के कार्यकारी सचिव आर.एन. श्रीवास्तव, डा. सीबी झा, मुकुल वाजपेयी, राजेश्वरी त्यागराजन आदि लोग मौजूद थे।