नोएडा। थाना फेस-1 पुलिस ने लिफाफा गैंग के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी लिफ्ट देने के बहाने लोगों को अपनी कार में बैठा लेते थे और खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर सवारी से नगदी व जेवरात को एक लिफाफे में रखवा कर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
Noida News
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना फेस वन प्रभारी ध्रुव भूषण दुबे को सूचना मिली थी कि लिफाफा गैंग के सदस्य शनि मंदिर के पास किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से खड़े हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ छापा मारकर रोशन, कमल व प्रेमसागर को दबोच लिया। तलाशी में इनके पास से एक एक तमंचा, कारतूस, तीन वॉकी टॉकी सेट बरामद हुए। आरोपियों से बरामद स्विफ्ट कार से कई प्लेन लिफाफे भी बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लोगों को अपनी गाड़ी में लिफ्ट देकर ठगी की वारदात को अंजाम देते हैं। कार में बैठाने के पश्चात सवारी को आरोपी क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते थे। पुलिस चेकिंग में फसने का भय दिखाकर यह सवारी से नगदी व जेवरात एक लिफाफे में रखवा लेते थे। इस दौरान बड़ी चालाकी से यह लिफाफे को बदल देते थे। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने नोएडा से लेकर बिहार तक ठगी की सैकड़ों वारदातों को अंजाम दिया है।
आरोपियों ने इस तरह की घटनाएं उत्तर प्रदेश के नोएडा, गोरखपुर, देवरिया व बिहार के पटना, बेगूसराय और गया आदि जिलों में भी की हैं। आरोपियों ने गत दिनों गोरखपुर में एयरपोर्ट के एक अधिकारी के साथ भी ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़ित ने गोरखपुर में अज्ञात ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना पाकर गोरखपुर पुलिस भी नोएडा पहुंच गई है। पकड़े गए आरोपियों पर हत्या के प्रयास, लूट व ठगी आदि के कई मुकदमे पंजीकृत हैं।
नोएडा ग्रेटर– नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिएचेतना मंचसे जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।