Noida News : थाना सेक्टर-39 पुलिस ने 2 शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटे गए 22 मोबाइल फोन व एक बाइक बरामद हुई है। पकड़े गए आरोपियों ने मोबाइल लूट की दर्जनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
Noida News :
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना प्रभारी अजय चाहर ने मुखबिर की सूचना के आधार पर बाइक सवार दो युवकों को जांच के लिए रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार भाग निकले। पुलिस ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी में इनके पास से 22 मोबाइल फोन बरामद। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सलमान उर्फ सल्लू व साहिल निवासी डासना बताया। आरोपियों ने बताया कि वह डासना से आकर नोएडा व ग्रेटर नोएडा में मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम देते हैं। वह सुनसान रास्तों पर पैदल जा रहे लोगों से मोबाइल लूटकर फरार हो जाते थे। लूटे गए मोबाइल को वह डासना में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले नईम को बैच देते थे।
एडीसीपी ने बताया कि नईम लूट के मोबाइल ठिकाने लगाने के साथ-साथ लूट की वारदातों में भी सम्मिलित रहता था। पकड़े गए सलमान पर जनपद गाजियाबाद में 3 तथा फरार नईम पर 6 मुकदमें पंजीकृत हैं। इस मामले में फरार नईम की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।