Noida News : मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
miscreants shot in the leg in an encounter
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2022 05:39 PM
Noida News : नोएडा । अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ में दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। पकड़े गए दोनों बदमाश शातिर लुटेरे हैं और इन पर लूट सहित विभिन्न आरोपों में मामले दर्ज हैं। एडीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि थाना सेक्टर-39 प्रभारी राजीव कुमार बालियान पुलिस बल के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार भाग निकला। पीछा करने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम लईक पुत्र अतीक निवासी राजीव कॉलोनी थाना साहिबाबाद जिला गाजियाबाद बताया। इसके पास से तीन मोबाइल फोन, तमंचा कारतूस बरामद हुए। पकड़े गए बदमाश पर दिल्ली एनसीआर में लूट सहित विभिन्न मामलों में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
एडीसीपी ने बताया कि थाना सेक्टर-58 पुलिस ने भी मुठभेड़ के बाद सेक्टर-62 स्थित छोटा डी पार्क के पास से एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी है। इसके पास से चोरी के चार लैपटॉप, बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। पकड़े गए बदमाश का नाम अंकित तिवारी पुत्र अवधेश तिवारी निवासी दीपक विहार खोडा कॉलोनी जिला गाजियाबाद है। पकड़ा गया अंकित गत 26 नवंबर को थाना सेक्टर 58 क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान फरार हो गया था। इस मुठभेड़ में पुलिस ने नफीस व अर्जुन को गिरफ्तार किया था जबकि अंकित फरार चल रहा था। अंकित ने बताया कि वह वारदात के दौरान बाइक चलाता था और उसके साथी लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। उन्होंने बताया कि घायल दोनों बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।