Noida News: गैर पंजीकृत जिम व स्वीमिंग पूल पर गिरेगी गाज!
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:04 AM
Noida / Greater Noida: नोएडा/ग्रेटर नोएडा । नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा में अभी भी तकरीबन 200 से अधिक अवैध जिम तथा स्वीमिंग पूल संचालित हो रहे हैं। इनके संचालकों ने अभी तक उनका पंजीकरण नहीं कराया है। लेकिन अब प्रशासन ने ऐसे जिम व स्वीमिंग पूल के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। पंजीकरण न कराने पर इन्हें बंद कराया जाएगा।
जिलाधिकारी का आदेश मिलने के बाद से ही खेल विभाग जिम और स्विमिंग पूल चिन्हित कर रहा है। जल्द ही नोटिस भी जारी किया जाएगा। तीन दिन में पंजीकरण न कराने वाले जिम और स्विमिंग पूल को बंद करा दिया जाएगा।
नोएडा, ग्रेटर नोएडा में जिम का पंजीकरण जरूरी है। दोनों शहरों में 350 से अधिक जिम है जो सोसायटी, क्लब, सेक्टर और गांव में चल रहे हैं। अभी तक 55 जिम का ही पंजीकरण कराया गया है। जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने इस पर आदेश देते हुए कहा कि जिन जिम और स्विमिंग पूल का पंजीकरण नहीं किया गया है उन्हें तत्काल बंद किया जाए। उप जिला क्रीड़ा अधिकारी ने अब इस आदेश पर कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
जिम और स्विमिंग पूल संचालकों के पंजीकरण न कराने के कारण काफी हानि हो रही है। सुरक्षा इंतजाम न होने के कारण आए दिन जिम और स्विमिंग पूल में हादसे होते हैं। स्विमिंग पूल में आए दिन लोग डूब कर मर जाते हैं। यह सब सुरक्षा संबंधित चीजों पर ना ध्यान देने के कारण होता है। वहीं जिम में वेटलिफ्टिंग में सुरक्षा चूक और कई नकली सप्लीमेंट के कारण लोगों को नुकसान होता है।