नोएडा। थाना फेस-2 क्षेत्र के इलाहाबास गांव में देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस हत्या के पीछे आपसी रंजिश का अंदेशा जता रही है। पुलिस अधिकारियों ने हत्यारों की तलाश के लिए आधा दर्जन टीमों का गठन किया है। अधिवक्ता की हत्या के बाद जिला गौतमबुद्धनगर बार एसोसिएशन ने कड़ी नाराजगी जताते हुए हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा हरिश्चंद्र ने बताया कि अधिवक्ता निशांत (30 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह सोमवार रात किसी जानकार व्यक्ति की मौत पर शोक प्रकट करने गए थे। वहां से वापस लौटते समय उन पर घात लगाकर बैठे बदमाशों ने फायरिंग कर दी। निशांत को दो गोली लगी। घायल अवस्था में निशांत को यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डीसीपी ने बताया कि पुलिस दो पहलुओं पर जांच कर रही है। एक तो घरेलू जमीनी विवाद तथा दूसरा मृतक की बहन का उसके ससुराल वालों से विवाद होना बताया जा रहा है। हत्या के बाद गांव में मातम छाया हुआ है।