Noida Traffic News : नोएडा में दूसरे दिन भी रेंगती दिखी गाडिय़ां
भारत
चेतना मंच
22 Jul 2022 04:46 PM
Noida: नोएडा । भंगेल एलीवेटिड रोड के निर्माण के चलते रूट डायवर्ट होने के बाद आज दूसरे दिन भी नोएडा वासियों को भयंकर जाम से जूझना पड़ा। ट्रैफिक को सुचारू बनाने के लिए इन दिनों भंगेल एलीवेटिड रोड का निर्माण चल रहा है। काम को सुचारू बनाने के लिए पीयर संख्या 59-60 तक मार्ग बंद किए जाने के कारण यातायात का डायवर्जन किया गया है। कल अचानक रूट डायवर्जन के बाद नोएडा की विभिन्न मुख्य मार्गों पर भयंकर जाम सुबह के समय लग गया। आज भी स्थिति जाम की रही। सेक्टर-62 से हाजीपुर मार्ग पर डायवर्जन के कारण गाडिय़ों की लम्बी कतार लग गई। जल्दबाजी के चक्कर में कई वाहन चालक रॉग साइड गाडिय़ां निकाल रहे थे जिससे जाम और लग गया। उधर बरौला से भंगेल की ओर जाने वाले नाले की सफाई का काम भी इन दिनों चल रहा है जिसकी वजह से जाम की स्थिति और विकराल हो गई। बरौला में हनुमान मंदिर के सामने बने यू टर्न पर सुबह के समय गाडिय़ों की लम्बी कतार देखी गई। पीक ऑवर में यातायात को नियंत्रित करने में यातायात पुलिस को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हर तरफ वाहन चालक परेशान दिखे।
यातायात पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
यातायात पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के मुताबिक सेक्टर-62 से आने वाला यातायात जिन्हें हाजीपुर अंडरपास, एक्सप्रेसवे व ग्रेटर नोएडा जाना है। वह वाहन चालक सेक्टर-50 एवं सेक्टर-75 के मध्य मेट्रो पिलर नंबर 78-79 से यू-टर्न लेकर सेक्टर-50, 51 ग्रीन बेल्ट चौक, सेक्टर-49 होते हुए जा सकते हैं। एक्सप्रेसवे, हाजीपुर अंडरपास से आने वाला यातायात प्रतीक एडीफिल चौराहे से सेक्टर-49 ग्रीन बेल्ट चौक सेक्टर-41, सेक्टर-35 अंडरपास, इस्कॉन मंदिर होते हुए ऐलिवेटिड रोड के द्वारा सेक्टर-62, 63 व एनएच-24 की ओर जा सकेंगे।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वह जाम से बचाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।