Northern Railway: बिना टिकट यात्रा करने वालों से वसूला 52 करोड़ का राजस्व
Source: DNA India
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:13 AM
Prayagrajj: प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे ने बिना टिकट यात्रा करने वालों से टिकट जांच के दौरान लगभग 52 करोड़ रूपये का राजस्व प्राप्त किया है। वित्त वर्ष की प्रथम तिमाही में उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ने यह उपलब्धि हासिल की है। महामारी के बाद अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए गतिविधियां तेज कर दी गयी हैं। रेलवे द्वारा बड़े स्तर पर बिना टिकट यात्रा करने वाले लोगों की जांच की जा रही है। ट्रेन में चल रहे टीटीई द्वारा टिकट जांच सर्वाधिक की जाती है। इसके अलावा उड़नदस्ते, औचक चेक तथा चारों तरफ से घेर के भी यात्रियों के वैध टिकटों की जांच की जाती है।
उत्तर मध्य रेलवे ने वित्त वर्ष की प्रथम तिमाही में 51.66 करोड़ के राजस्व को प्राप्त किया है। प्रयागराज मंडल ने टिकट जांच के दौरान 28.37 करोड़ तथा झांसी मंडल ने 13.7 करोड़, आगरा मंडल ने 10.22 करोड़ की राजस्व प्राप्ति की। अकेले जून माह में प्रयागराज मंडल ने 10.78 करोड़ रू0 का राजस्व प्राप्त करके एक खास मुकाम हासिल किया है। प्रयागराज मंडल के मिर्जापुर, अलीगढ, कानपुर व टूंडला आदि में कई अभियान चलाकर यह उपलब्धि हासिल की गयी है।