इस शहर में होगा न्यूड पार्टी, पोस्टर वायरल, युवाओं को बिना कपड़ों के आने का न्योता
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 04:45 AM
Nude Party : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर एक विवादित और आपत्तिजनक पोस्टर वायरल होने से सनसनी फैल गई है। इस पोस्टर में युवक-युवतियों को बिना कपड़े पहनकर न्यूड पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया गया है। वायरल पोस्टर को @sinful_writer1 नाम के अकाउंट से साझा किया गया है। सोशल मीडिया पर इस विवादास्पद पोस्टर के आते ही हड़कंप मच गया है और पुलिस इसकी जांच में सक्रिय हो गई है।
वायरल मामले से शहर के लोगों में चिंता और गुस्सा
पोस्टर में पार्टी के आयोजन का उल्लेख है, लेकिन पार्टी स्थल और आयोजकों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई है। सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने शहर में चिंता और गुस्सा पैदा कर दिया है। पुलिस फिलहाल इस आपत्तिजनक पोस्टर के पीछे की साजिश की तहकीकात कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसे किसने और क्यों प्रकाशित किया।
वायरल पोस्टर को लेकर राजनीति भी शुरू
वायरल पोस्टर को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने इसे लेकर भाजपा सरकार पर अश्लीलता बढ़ाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार को ऐसे आयोजनों की अनुमति देने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए और इस तरह की हरकतों को रोकना चाहिए। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्टरों की ट्रैकिंग कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किन लोगों के द्वारा शहर में अश्लीलता फैलाने की कोशिश की जा रही है।