
Nupur Sharma News : विवादित टिप्पणी करके सुर्खियों में आई भाजपा नेत्री नूपुर शर्मा (Nupur Sharma News) को अब अपने किए पर पछतावा हो रहा है। हो भी क्यों न, क्योंकि उन्हें भाजपा से निलंबित जो कर दिया गया है। भाजपा से निलंबित होने के बाद भाजपा नेत्री नूपुर शर्मा ने अपनी टिप्पणी को लेकर माफी मांगी है। साथ ही उन्होंने कहा है कि मैं अपने शब्द वापस लेती हूंं। उन्होंने कहा कि मेरी मंशा किसी को ठेस पहुंचाने की नहीं थी, अगर मेरे शब्दों से किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है तो मैं अपने शब्द वापस लेती हूं।
मीडिया न्यूज के अनुसार नूपुर शर्मा ने कहा कि रोजाना मेरे आराध्य शिवजी का अपमान किया जा रहा था। मैं शिवजी के अपमान को बर्दाश्त नहीं कर पाई। मैंने रोष में आकर कुछ गलत बोल दिया था। भाजपा द्वारा निलंबन की कार्रवाई किए जाने के तुरंत बाद नूपुर शर्मा ने अपील करते हुए कहा कि उनके घर का पता सार्वजनिक न किया जाए। इससे उनके परिवार की सुरक्षा को खतरा है।
आपको बता दें कि नूपुर शर्मा पर हुई कार्रवाई से पहले भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में पार्टी ने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी को ऐसा कोई भी विचार स्वीकृत नहीं है जो किसी भी धर्म-संप्रदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाए। भाजपा ना ऐसे किसी विचार को मानती है और न ही प्रोत्साहन देती है।
कार्रवाई के बाद नूपुर शर्मा ने किया ट्वीट
पार्टी से निलंबन की कार्रवाई के बाद नूपुर शर्मा ने ट्वीट करते हुए कहा कि 'मैं पिछले कई दिनों से टीवी डिबेट पर जा रही थी, जहां रोजाना मेरे आराध्य शिव जी का अपमान किया जा रहा था। मेरे सामने यह कहा जा रहा था कि वो शिवलिंग नहीं फुव्वारा है। दिल्ली के हर फुटपाथ पर बहुत शिवलिंग पाए जाते हैं, जाओ जाकर पूजा कर लो। मेरे सामने बार-बार इस प्रकार से हमारे महादेव शिवजी के अपमान को मैं बर्दाश्त नहीं कर पाई। मैंने रोष में आकर कुछ चीजें कह दीं। अगर मेरे शब्दों से किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो मैं अपने शब्द वापस लेती हूं। मेरी मंशा किसी को भी कष्ट पहुंचाने की कभी नहीं थी'।
ये था विवाद एक टीवी न्यूज चैनल पर बहस के दौरान बीजेपी प्रवक्ता नुपुर शर्मा ने कथित तौर पर पैगंबर मुहम्मद के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी कर दी थी, जिसको लेकर अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भड़के हुए हैं। इस टिप्पणी के बाद नूपुर शर्मा ने कहा था कि वायरल वीडियो एडिटेड है, जिसे एक फैक्ट चेकर ने शेयर किया है। इस वीडियो के शेयर होने के बाद से उन्हें इस्लामिक कट्टरपंथियों से धमकियां मिल रही हैं। नुपुर शर्मा ने आरोप लगाया था कि आल्ट न्यूज के प्रोपराइटर ने उनके खिलाफ ट्रोल को बढ़ावा देने के लिए संपादित वीडियो पोस्ट किया है। उन्होंने सुरक्षा की मांग की थी।