Odisha News : ओडिशा में गणतंत्र दिवस से पहले शुरू होंगी 5जी सेवाएं: वैष्णव
Odisha News
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 11:24 PM
Odisha News : भुवनेश्वर। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को कहा कि ओडिशा में अगले वर्ष गणतंत्र दिवस से पहले 5जी सेवाएं शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र ने राज्य में दूरसंचार सेवाओं के लिए 5,600 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
Odisha News
केंद्रीय रेलवे, संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री वैष्णव ने कहा, अब कोई भी केंद्र पर ओडिशा के दूरसंचार क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप नहीं लगा सकता है। उन्होंने आगे कहा, नरेंद्र मोदी सरकार ने ओडिशा में दूरसंचार सेवाओं के लिए कुल 5,600 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं और राज्य में 5जी सेवाएं 26 जनवरी 2023 को गणतंत्र दिवस समारोह से पहले शुरू हो जाएंगी।
भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए आधारशिला रखने के कार्यक्रम में वैष्णव ने बताया कि ओडिशा के उन सभी गांवों में हाल में एक सर्वेक्षण किया गया है जहां पर मोबाइल टावर नहीं हैं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने अधिकारियों को सभी गांवों में उच्च गुणवत्ता की 5जी सेवाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
इससे पहले, अक्टूबर में वैष्णव ने कहा था कि मार्च, 2023 तक ओडिशा के कम से कम चार शहरों में 5जी सेवाएं उपलब्ध होंगी और राज्य के 80 प्रतिशत क्षेत्रों तक यह सेवा अगले वर्ष के अंत तक पहुंच जाएगी।
उन्होंने कहा कि 2022-23 में रेलवे अवसंरचना विकास के लिए ओडिशा को बजट में करीब 10,000 करोड़ रुपये दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के समय यह राशि महज 800 करोड़ रुपये थी जिसे मोदी सरकार ने बढ़ाया है।