मकर संक्रांति पर,इस विधि से घर पर ही बनायें तिल के लड्डू और गुड़ की गजक
इस बार मकर संक्रांति होगी खास, घर पर ट्राई करें ये खास रेसिपी
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:08 AM
Makar Sankranti 2024 : स्वादिष्ट खाना अक्सर त्योहार में जान डाल देता है। मकर संक्रांति अब आने ही वाली है। इस मौके पर भी कई तरह के पकवान बनाए जाते हैं। यह सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं बल्कि हेल्थ के लिए भी फायदेमंद होते हैं। लेकिन अगर ऐसे में आप इस त्योहार कुछ अलग और नया बनाना चाहते हैं तो इन रेसिपी को आपको जरूर ट्राई करना चाहिए।
घर पर बनाएं तिल का लड्डू
मकर संक्रांति के दिन विशेष रूप से तिल और गुड़ खाने की प्रथा है। इसी के चलते इस त्योहार को लोग तिल संक्रांति भी कहते हैं। ऐसे में अगर आपका मन भी तिल और गुड़ के लड्डू खाने का कर रहा है तो आप इस आसान रेसिपी को घर पर जरूर ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए आपको मात्र 15 मिनट का समय देना होगा।
तैयार करें ये सामग्री
2 कप तिल
1 चम्मच घी
2 कप गुड़ के छोटे टुकड़े
2 कप भुनी और पिसी हुई मूंगफली
1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
ऐसे बनाएं तिल के लड्डू
.सबसे पहले एक नॉन स्टिक पैन या कढ़ाई को गैस पर गर्म होने के लिए रख दें।
.हल्का गर्म होने पर इसमें तिल हल्की आंच पर 10-12 मिनट तक भूने। भूनने तक इसे लगातार चलाते रहिए।
.तय समय बाद तिल को गैस से उतार कर रख दें।
.इसके बाद नॉन स्टिक पैन या कढ़ाई में हल्की आंच पर घी गर्म करने के लिए रखें।
.घी गर्म होने पर इसमें गुड़ के टुकड़ो को डाल दे और 5 से 7 मिनट तक चलाते रहें।
.इसके बाद कढ़ाई में भुनी हुई तिल, मूंगफली और इलायची पाउडर डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह से मिला लें। मिश्रण को 1-2 मिनट तक लगातार चलाते हुए पकाएं।
.तय समय बाद एक प्लेट पर घी लगाकर तैयार मिश्रण को इसमें डाल दें।
.जब यह हल्का ठंड़ा हो जाए, तब इससे छोटी-छोटी लोई लेकर लड्डू के आकार में बनाएं। आप चाहें तो हथेलियों को थोड़ा गीला कर सकते हैं।
इस तरह 20 मिनट में आपके स्वादिष्ट तिल के लड्डू बनकर तैयार हो जाएंगे।
फैमिली को खिलाएं टेस्टी उड़द दाल की खिचड़ी
मकर संक्रांति पर उड़द दाल की खिचड़ी खाने की परंपरा सदियो से है। लेकिन अगर आप इस बार सिम्पल और हेल्थी तरीका फॉलो करना चाहतें हैं तो इस रेसिपी को ट्राइ जरूर करें।
उड़द दाल की खिचड़ी बनाने के लिए सामग्री
1 कप उड़द दाल
4 कप चावल
1 चम्मच जीरा
2 चुटकी हींग
1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
4 चम्मच देशी घी
नमक स्वाद अनुसार
बनाने का तरीका
.उड़द दाल की खिचड़ी बनाने के लिए सबसे पहले उड़द दाल और चावल को अच्छी तरह से धो लें। धोने के बाद आधे घंटे तक के लिए गुनगुने पानी में भिगा लें।
.एक कुकर में देशी घी डालकर गर्म करें। घी गर्म होने पर उसमें जीरा, हींग का तड़का लगाएं।
.उड़द दाल और चावल को दोबारा धोकर उसे भी कुकर में डाल दें।
.इसके बाद लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर इसमें 6-7 कप पानी मिलाकर मीडियम आंच पर 2 से 3 सीटी आने तक पकाएं।
.आपकी मकर संक्रांति की स्पेशल खिचड़ी को रायते के साथ सर्व करें।
Makar Sankranti 2024
गुड़ की गजक
गुड़ की गजक उत्तर भारतीय रेसिपी है जो मकर संक्रांति के साथ-साथ सर्दियों में भी खाई जाती है। यह हमारे पाचन को बेहतर बनाने में भी मदद करती है। आप भी इस त्योहार इसे घर पर सिर्फ कुछ ही मिनटों में तैयार कर सकते हैं।
गुड़ की गजक के लिए तैयार करें ये सामग्री
500 ग्राम गुड़
6 बड़े चम्मच घी
4 कप कच्ची मूंगफली
6 बड़े चम्मच सौंफ
गुड़ की गजक बनाने की विधि
.सबसे पहले एक नॉन स्टिक पैन में मध्यम आंच पर घी गर्म करें। गुड़ को घी में पिघलाएं और हल्का सुनहरा होने दें। एक बार हो जाने पर, सौंफ डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
स्टेप – 2 मूंगफली को घी में भून लीजिए
.इसके बाद एक दूसरा पैन लें और इसमें थोड़ा सा घी डालें और इसमें मूंगफली भून लें।
.भुनी हुई मूंगफली को गुड़ के मिश्रण में डालें और अच्छी तरह धीमी आंच पर मिलाएं।
.इसके बाद एक प्लेट पर ग्लेज्ड शीट फैलाएं और उस पर थोड़ा घी लगाएं। अब गुड़ के मिश्रण को एक ग्लेज्ड शीट पर डालें और इसे चारों ओर फैलाएं।
.इसे ठंडा होने दें। जैसे-जैसे ये ठंडा होगा ये सख्त होता जाएगा। बाद में इसे छोटे -छोटे टुकड़ों में तोड़कर परोसें और आनंद लें।
गुड़ पराठा
त्योहार में कम समय पर गुड़ पराठा बनाना सबसे बेहतर विकल्प हो सकता है। सर्दी के मौसम में गुड़ सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है।
गुड़ का पराठा बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
आटा 250 ग्राम
गुड़, कद्दूकस 2 कप
सफेद तिल 1 छोटा चम्मच
काजू -बारीक पीसा हुआ 1 बड़ा चम्मच
बादाम-बारीक पीसा हुआ 1 बड़ा चम्मच
पिस्ता-बारीक पीसा हुआ 1 बड़ा चम्मच
किशमिश 1 बड़ा चम्मच
देसी घी आवश्यकता अनुसार
गुड़ का पराठा बनाने की विधि
.सबसे पहले आटे को गूंदकर अलग रख दें।
.इसके बाद भरावन बनाने के लिए एक कटोरे में गुड़, तिल, काजू, बादाम, पिस्ता और किशमिश डालकर अच्छी तरह से मिला लें।
.आटे से 8-10 बराबर लोइयां तोड़ लें। एक लोई लेकर हल्का मोटा बेल लें।
.इसके बीच में दो बड़ा चम्मच भरावन रखकर अच्छी तरह बंद करके हल्के हाथों से आराम से बेल लें।
.बेलने के लिए थोड़ा आटा यानी पलथन लगा लें। अब गैस को स्टार्ट करें, मीडियम आंच पर तवा रखकर इसे गर्म करें।
.जब तवा गर्म हो जाए तो इसमें बेला हुआ पराठा रखकर दोनों तरफ घी लगाकर अच्छी तरह सेंक लें।
.इसी तरीके से बाकी लोइयों से भी पराठा बना लें। अब आपका पराठा बनकर तैयार हो चुका है।
.गुड़ के पराठे को खाने के लिए आप अपनी पसंद की चटनी का उपयोग कर सकते हैं।