
Operation Ajay : इजराइल में फंसे भारतीयों को बाहर निकालने के लिए भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे आपरेशन अजय के तहत सोमवार की सुबह 143 नागरिकों को लेकर छठी फ्लाइट इजराइल से दिल्ली पहुंच चुकी है। इस फ्लाइट में आए नागरिकों में दो नागरिक नेपाल के भी शामिल हैं। आपरेशन अजय के तहत अब तक 1300 से अधिक लोग भारत वापस लौट चुके हैं।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि, 'ऑपरेशन अजेय' की छठी उड़ान नई दिल्ली हवाईअड्डे पर उतरी। हवाईअड्डे पर केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने यात्रियों का स्वागत किया।
आपको बता दें कि इससे पहले नेपाल के 18 नागरिकों सहित 286 भारतीयों को लेकर पांचवीं उड़ान मंगलवार देर रात नई दिल्ली पहुंची थी।
सात अक्टूबर को हमास आतंकियों द्वारा इजरायली शहरों पर हमला करने के बाद इजरायल से भारतीयों की वापसी के लिए 12 अक्टूबर को 'ऑपरेशन अजेय' शुरू किया गया था। अब तक 'ऑपरेशन अजेय' के तहत 1300 से अधिक लोग भारत वापस लौट चुके हैं।
इजरायल में मारे गए चार नेपाली छात्रों के शवों को काठमांडू लाया गया है। हमास के हमले में नेपाल के 10 छात्रों की मौत हो गई थी। छह शवों की पहचान नहीं हुई है।