विज्ञापन

Operation Sindoor : भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव का माहौल है। इस तनाव के बीच फिल्मी दुनिया में ऑपरेशन सिंदूर के पोस्टर ने एक नया विवाद जन्म दे दिया है, जिस पर जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर है। फिल्म निर्माता निक्की भगनानी और विक्की भगनानी द्वारा जारी इस पोस्टर ने दर्शकों के बीच मिली-जुली प्रतिक्रियाएं हैं, जिनमें अधिकतर आलोचना की लहर शामिल है।
ऑपरेशन सिंदूर नामक यह फिल्म भारतीय सेना द्वारा की गई हालिया सैन्य कार्रवाई से प्रेरित बताई जा रही है। इस ऑपरेशन के तहत, सेना ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान और पीओके में स्थित नौ आतंकी ठिकानों को सफलतापूर्वक ध्वस्त किया। हालांकि यह ऑपरेशन अभी भी चर्चा में है और इससे जुड़े कई पहलू संवेदनशील हैं, ऐसे में इस पर आधारित फिल्म की घोषणा को कई लोगों ने समय से पूर्व और भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कदम माना है।
जारी किए गए पोस्टर में एक महिला सैनिक को दर्शाया गया है जो वर्दी में है और अपनी मांग में सिंदूर भर रही है। पृष्ठभूमि में युद्ध के दृश्य जैसे टैंक, कांटेदार तार और लड़ाकू विमान नजर आते हैं। यह छवि सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को रास नहीं आई और उन्होंने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। एक यूज़र ने लिखा, “देश के जख्म अभी भरे नहीं हैं और ये लोग फिल्म बनाने में जुटे हैं।” वहीं एक अन्य ने तीखे शब्दों में कहा, “देशभक्ति को पैसे कमाने का जरिया मत बनाइए।”
विवाद बढ़ने पर निर्माता निक्की भगनानी ने सोशल मीडिया पर माफी जारी की। उन्होंने लिखा, हमने कभी भी किसी की भावनाओं को आहत करने का उद्देश्य नहीं रखा। यह फिल्म भारतीय सेना के साहस और बलिदान से प्रेरित है और हमारा लक्ष्य इन वीरों को सम्मान देना है, न कि किसी की संवेदनाओं के साथ खिलवाड़ करना। Operation Sindoor :
विज्ञापन