भारतीय सेना की बड़ी चेतावनी, भय बिनु होय ना प्रीति...
Operation Sindoor
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 04:32 AM
Operation Sindoor : पाकिस्तान द्वारा पोषित आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना द्वारा चलाए आए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद भारतीय सेना ने अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं। भारतीय सेना ने कहा है कि हमारे सारे सैन्य बेस सुरक्षित हैं और डिफेंस सिस्टम पूरी तरह तैयार है। तीनों सेना अगले मिशन के लिए पूरी तरह से तैयार है।
भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव तथा पहलगाम हमले के बाद भारत द्वारा किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर एक बार फिर प्रेसवार्ता की गई। प्रेसवार्ता में भारत-पाकिस्तान के बीच अब तक हुए सैन्य हमलों के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रेस बीफ्रिंग में एयर चीफ मॉर्शल ए.के. भारती ने बताया कि भारतीय सेना ने पाक अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान में बने आतंकवादी ठिकानों तथा आतंकियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था, लेकिन अफसोस की बात यह रही कि पाकिस्तान की सेना ने आतंकवादियों का साथ दिया और भारतीय सीमाओं पर हमला किया। हमें इसका जवाब देना पड़ा। उन्होंने बताया कि तीनों सेनाओं के एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान के हर हमले को नाकाम कर दिया। पाकिस्तान के ड्रोन को लेजरगन, एडीगन और पिचोरा से मार गिराया गया। एयर चीफ मॉर्शल ए.के. भारती ने इस मौके पर धार्मिक ग्रंथ रामायण की उस चौपार्ई का जिक्र किया जिसमें कहा गया है कि- ‘विनय ना मानत जलध जड़ गए तीन दिन बीति। बोले राम सकोप तब भय बिनु होय ना प्रीति’।
पाकिस्तान ने चीन में बने कामीकेज ड्रोन का इस्तेमाल किया
एयर चीफ मॉर्शल ए.के. भारती ने बताया कि पाकिस्तान ने चीन में बने कामीकेज ड्रोन का इस्तेमाल किया साथ ही पीएल-15ई मिसाइल से भी हमला किया जिसे भारतीय सेना के मजबूत एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया। प्रेसवार्ता में लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घर्ई ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में आतंकी हमले न केवल हमारी सेना बल्कि आम नागरिक पर भी किए जा रहे थे। 2024 में जम्मू के शिवखोरी मंदिर में जा रहे श्रद्घालुओं पर हमला फिर पहलगाम में सैलानियों पर हमला। उन्होंने कहा कि पहलगाम तक आतंक का घड़ा भर चुका था इसलिए आतंकियों पर हमला जरूरी था। उन्होंने कहा कि भारत की तीनों सेनाओं द्वारा तैयार किए गए लेयर्ड ग्रिड सिस्टम ने पाकिस्तान के हर हमले को नाकाम कर दिया। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के नूर खान एयरबेज को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं रहीमयार खान हवाई पट्टी पर बड़ा गड्ड हो गया है। उन्होंने इस पूरे ऑपरेशन में सीमा सुरक्षा बल के जवानों की भूमिका को भी काफी सराहा। उन्होंने कहा कि बीएसएफ के जवान सीमा पर कवच की तरह तैनात रहे। Operation Sindoor