कर्नल सोफिया के खिलाफ विवादित बयान देने वाले मंत्री विजय शाह के खिलाफ एसआईटी गठित
Operation Sindoor
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 03:52 PM
Operation Sindoor : यह मामला संवेदनशील और अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह भारत की सेना और सैन्य अधिकारियों की गरिमा से जुड़ा हुआ है, और एक राजनेता की जिम्मेदारियों पर सवाल खड़े करता है। हुआ यह कि मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया को लेकर एक विवादित और आपत्तिजनक बयान दिया था, जिससे जनाक्रोश फैला और सवाल उठे कि यह बयान एक पब्लिक फिगर के स्तर के अनुरूप नहीं है। इस मामले में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने मामले का संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था। विजय शाह ने हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, जिस पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई।
सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणियाँ:
सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि हमें आपकी माफी नहीं चाहिए। आपने जो किया वह बेहद गैर-जिम्मेदाराना था। अगर फिर माफी मांगी तो यह अदालत की अवमानना मानी जाएगी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आप किस तरह की माफी मांगना चाहते हैं? घड़ियाली आंसू नहीं चलेंगे। आप एक नेता हैं, नेताओं की जिम्मेदारी होती है। आपने सेना और देश की जनता को दुख पहुंचाया है। कोर्ट ने सरकार की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य सरकार ने हाई कोर्ट के कहने पर एफआईआर की। इससे पहले क्या कर रहे थे? जांच निष्पक्ष होनी चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई:
कोर्ट ने इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक विशेष समिति एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया है। मंत्री की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी गई है, लेकिन यह अंतिम राहत नहीं है। सुप्रीम कोर्ट का सख्त रुख यह दिखाता है कि राजनेताओं के सार्वजनिक बयानों की जवाबदेही तय की जाएगी। सेना जैसे संस्थानों पर टिप्पणी करना न केवल अनुचित है, बल्कि यह संवैधानिक मूल्यों के विरुद्ध भी है। Operation Sindoor