पहलगाम हमले पर योगी का बड़ा बयान, ताबूत पर अंतिम कील ठोकने का समय आ गया
Pahalgam Terror Attack
भारत
चेतना मंच
26 Nov 2025 01:56 AM
Pahalgam Terror Attack : 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी सहित कई निर्दोष नागरिकों की हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान-समर्थित आतंकी संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' ने ली है, जो लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन से संबद्ध है ।
ताबूत पर अंतिम कील ठोकने की शुरुआत हो रही
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा, "इस तरह का कायराना कृत्य बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जाएगा। आतंकियों को नेस्तनाबूद करने का काम किया जाएगा। ताबूत पर अंतिम कील ठोकने की शुरुआत हो चुकी है।" उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद अब अपनी अंतिम सांसें ले रहा है और निर्दोष लोगों पर हमले किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं।
इस दुखद घड़ी में हमें पीएम मोदी पर भरोसा करना चाहिए
मुख्यमंत्री योगी ने शुभम द्विवेदी के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि आतंकियों और उनके आकाओं को सजा जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है, और इस दुखद घड़ी में हमें उन पर भरोसा करना चाहिए।"
सभी राजनीतिज्ञों ने एक स्वर से इस घटना की निंदा की
इस हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि दोषियों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे "कायरता का कृत्य" बताया, जबकि विपक्षी नेताओं ने भी इस हमले की निंदा की है । यह घटना देश के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर कठोर कदम उठाने की आवश्यकता है। Pahalgam Terror Attack