
Panipat News : हरियाणा के पानीपत जिले के सिवाह गांव स्थित जेल में डीएसपी के पद पर कार्यरत जोगिंद्र देशवाल का हार्ट अटैक से निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि डीएसपी जोगिंद्र देशवाल करनाल अपने घर गए हुए थे। घटना सुबह 5 बजे की है। वे जिम में एक्ससाइज कर रहे थे, इसी दौरान उनके सीने में दर्द हुआ और अचेत होकर नीचे गिर गए। जिम में मौजूद लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने डीएसपी को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल डीसीपी जोगिंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए करनाल के सरकारी अस्पताल स्थित शव गृह में रखा गया है।
डिप्टी जेल सुपरिटेंडेंट थे देशवाल
जोगिंद्र देशवाल काफी समय जेल में वार्ड चेकिंग के दौरान बंदी निगरानी के डीएसपी रहे हैं। पिछले कुछ समय से वे जेल में बने तेल कोल्हू और दरी फैक्ट्री समेत अन्य कारखानों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। जोगिंदर देशवाल पहले करनाल जेल के डीएसपी भी रह चुके थे। अभी वो पानीपत जेल के डीएसपी थे।
2023 में चर्चाओं में आए थे डीएसपी देशवाल
डीएसपी देशवाल जनवरी 2023 में उस समय सुर्खियों में आए थे जब उनके बेटे को पुलिस ने उनके आईडी कार्ड का उपयोग करते हुए पकड़ा था। टोल टैक्स के पास चेकिंग के दौरान कांस्टेबल आशीष के गाड़ी के कागज मांगने पर डीएसपी देशवाल के बेटे ने उनका आई कार्ड दिखा दिया था। यह देखकर कांस्टेबल आशीष ने डीएसपी को कॉल करके कहा था कि साहब आप जहां जेलर हैं, क्या आपको पता है कि आप वहां कैदी भी बन सकते हैं ?