भाजपा से मनीष कश्यप का इस्तीफा, बोले-अब बिहार और बिहारियों के लिए लड़ूंगा
Patana News
भारत
चेतना मंच
08 Jun 2025 09:50 PM
Patna News : चर्चित यूट्यूबर और भाजपा नेता मनीष कश्यप ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। सोशल मीडिया पर लाइव आकर उन्होंने इसकी औपचारिक घोषणा की और अपनी राजनीतिक दिशा को लेकर महत्वपूर्ण संकेत दिए। मनीष ने कहा कि अब उनका लक्ष्य बिहार की जनता, प्रवासी मजदूरों और पलायन जैसे ज्वलंत मुद्दों के लिए आवाज बुलंद करना है।
फेसबुक लाइव में किया इस्तीफे का ऐलान
अपने फेसबुक पेज पर लाइव होकर मनीष कश्यप ने स्पष्ट शब्दों में कहा, मैं अब भारतीय जनता पार्टी का सदस्य नहीं हूं। मैंने अपने क्षेत्र में जनता से मुलाकात की, हालात देखे और अब मुझे लगता है कि सिर्फ पार्टी में रहकर जनता की आवाज नहीं उठाई जा सकती। उन्होंने माना कि भाजपा में शामिल होना उनका भावनात्मक निर्णय था, जिसे अब वह "राजनीतिक भूल" मानते हैं। उन्होंने इसको लेकर जनता से माफी भी मांगी और कहा कि वे आगे स्वतंत्र रूप से जनता की समस्याओं के लिए संघर्ष करेंगे। Patna News
पीएम मोदी को लेकर रखी सम्मानजनक राय
हालांकि पार्टी से अलग होने के बावजूद मनीष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति सम्मान बनाए रखा। उन्होंने कहा, मैं मोदी जी के खिलाफ बेवजह कुछ नहीं कहूंगा। वह हमेशा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री रहेंगे। लेकिन अब मेरा रास्ता अलग है। यह अच्छी बात है कि मनीष ने भाजपा छोड़ने के बाद ही प्रधानमंत्री के खिलाफ बयानबाजी में कोई जल्दीबाजी नहीं दिखायी, बल्कि सम्मान ही दिखाया। Patna News
स्वास्थ्य व्यवस्था से नाराज, चुनावी संकेत भी दिए
ज्ञात हो कि हाल ही में एक सरकारी अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों के कथित दुर्व्यवहार से मनीष कश्यप काफी नाराज थे। उसी घटना के बाद से उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति खुला असंतोष जताना शुरू कर दिया था। अपने बयान में उन्होंने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को आड़े हाथों लिया और इसे सुधारने के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ने की बात कही। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। मुझे कहां से चुनाव लड़ना चाहिए, किस पार्टी से या निर्दलीय? ये निर्णय जनता बताए, मैं उनके निदेर्शों के अनुसार आगे बढ़ूंगा। Patna News