Pathaan Movie Row - फिल्मों को लेकर ना दें बेवजह बयान - PM Modi
भारत
चेतना मंच
26 Nov 2025 10:18 PM
Pathaan Movie Row- लगातार बॉलीवुड फिल्मों को लेकर चल रहे बहिष्कार पर अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के नेताओं को कई बड़ी नसीहतें और सुझाव दिए। इसी दौरान इशारो इशारो में उन्होंने फिल्मों से जुड़ी भी कुछ नसीहतें दे डाली। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि - "हम सारे दिन काम करते हैं और कुछ लोग किसी फिल्म पर बयान दे देते हैं। उसके बाद सारे दिन टीवी और मीडिया में वही चलता रहता है। बेवजह के बयानों से बचिए।"
Pathaan Movie Row-
प्रधानमंत्री के इस बात से यह कयास लगाया जा रहा है कि उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों के बहिष्कार को लेकर यह बात की है। जैसा कि आप सभी जानते हैं 25 जनवरी को शाहरुख खान की फिल्म पठान सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। जब से इस फिल्म का पहला गाना रिलीज हुआ है, इसके बाद से ही लगातार इस फिल्म को बायकाट (#Bycott Pathaan) करने के लिए सोशल मीडिया पर ट्रेंड चल रहा है। यह पहली बार नहीं है जब सोशल मीडिया पर किसी बॉलीवुड फिल्म को बायकाट करने की मांग की जा रही है, इससे पहले भी कई बॉलीवुड फिल्मों को लेकर यह ट्रेंड चलाया गया और काफी हद तक इसका असर फिल्मों पर पड़ा भी। यही वजह है कि अब कई बॉलीवुड सितारे इस बायकॉट मुहिम को बंद करवाने की कोशिश कर रहे हैं।
सुनील शेट्टी ने की थी योगी आदित्यनाथ से अपील -
5-6 जनवरी 2023 को जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश को “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट इन इंडिया” के रूप में प्रमोट करने के लिए महाराष्ट्र पहुंचे थे। यहां पर इन्होंने कई बड़े बॉलीवुड के सितारों से मुलाकात की। इसी दौरान बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने योगी आदित्यनाथ से बॉयकॉट बॉलीवुड ट्रेंड को बंद करवाने में मदद करने के लिए अपील की थी। सुनील शेट्टी ने योगी आदित्यनाथ से कहा था कि -" ‘ ये हैशटैग जो चल रहा है, #Bycott Bollywood आपके कहने से ही यह रुक भी सकता है। लोगों तक ये पहुंचाना बहुत जरूरी है कि हम बहुत अच्छा काम भी कर चुके हैं। टोकरी में एक rotten apple (सड़ा हुआ सेब) तो होता ही है, लेकिन हम सबको आप इसमें नहीं ले सकते कि हम सब ऐसे हैं। क्योंकि ऑडियंस के दिमाग में यही है। भारत को अगर बाहर के देशों और भारतीयों से किसी ने जोड़ा है तो वह है म्यूजिक, हमारी म्यूजिक, हमारी कहानी। इस पर अगर आप ध्यान दें, और प्रधानमंत्री जी से कहे तो इसमें बहुत फर्क पड़ सकता है।”
फिल्मों पर प्रधानमंत्री का बयान क्या अभिनेता सुनील शेट्टी की अपील का है असर -
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिल्मों से जुड़ी जो नसीहत अपने पार्टी के नेताओं को दी है, उससे यह भी लग रहा है कि ये कहीं न कहीं अभिनेता सुनील शेट्टी की योगी आदित्यनाथ से की गई अपील का भी असर हो सकता है।