Patna news : कोचिंग सेंटर में असामाजिक तत्वों ने की तोड़फोड़, क्यों आया खान सर का नाम?
भारत
चेतना मंच
03 Mar 2023 01:12 PM
पटना। बिहार की राजधानी पटना में असामाजिक तत्वों की दबंगई अपने चरम पर है। कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए कुछ असामाजिक तत्वों ने पटना (Patna) के एक निजी कोचिंग सेंटर में जमकर तोड़फोड़ मचाई और छात्रों को भी पीटा।
Patna News :
घटना के बाद संस्थान में अफरा तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि कोचिंग में तोड़फोड़ अंबेडकर छात्रावास के छात्रों ने की थी । दरअसल कोचिंग के एक शिक्षक ने छात्रावास के एक छात्र की पिटाई कर दी थी, जिससे उस छात्र का हाथ टूट गया। इसके बाद ही छात्रावास के लगभग पंद्रह छात्रों ने कोचिंग में घुसकर बवाल काटा। इस तोड़फोड़ से आक्रोशित सैकड़ों छात्र सड़क पर उतर गए। पुलिस अधिकारियों के समझाये जाने के बावजूद छात्र जमकर विरोध कर रहे हैं साथ ही आरोपियों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ये मामला कदमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत मुसल्लहपुर हाट का बताया जा रहा है।
खान सर के कोचिंग सेंटर में तोड़फोड़ का दावा गलत
पटना (Patna) के इस कोचिंग सेंटर में हुई घटना को कुछ न्यूज़ एजेंसियों और पोर्टल्स ने खान सर के कोचिंग के नाम ( Khan Sir GS Center) से गलत रिपोर्ट कर दी थी। गौरतलब है कि खान सर का नाम जुड़ने से ख़बर तेजी से वायरल हो गयी। बिना घटना के तह तक जाए इस खबर को कुछ न्यूज एजेंसियों ने यूं ही प्रकाशित कर दिया। जबकि ये पूरा मामला पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक निजी कोचिंग संस्थान 'ज्ञानबिन्दु कोचिंग सेंटर' का है।
हम आपको बता दें कि जिस कैम्पस में खान सर का कोचिग सेंटर है उसी कैम्पस में ज्ञानबिन्दु कोचिंग सेंटर भी है। आनन-फानन में खान सर का नाम जोड़कर न्यूज़ वायरल कर दी गयी।