CM रेखा गुप्ता के हमलावर की तस्वीर आई सामने, गुजरात से रखता है ताल्लुक
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 12:30 PM
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हुए हमले ने राजधानी की राजनीति और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई जब सीएम जनता की शिकायतें सुन रही थीं। अचानक एक शख्स जो अपनी अर्जी लेकर आया था मुख्यमंत्री के करीब पहुंचा और हमला कर दिया। हमले में रेखा गुप्ता को सिर पर चोट लगी है। हालांकि डॉक्टरों ने उनकी स्थिति स्थिर बताई है लेकिन घटना के बाद उन्हें सदमा पहुंचा है। पुलिस ने हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। Rekha Gupta
आरोपी की पहचान
पुलिस ने आरोपी की पहचान राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया, उम्र 41 साल, निवासी राजकोट, गुजरात के रूप में की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह किसी कानूनी मुद्दे को लेकर दिल्ली आया था। बताया जा रहा है कि उसका एक परिजन जेल में है और वह उसे छुड़वाने की अर्जी लेकर जनसुनवाई में पहुंचा था। दिल्ली पुलिस ने अब गुजरात पुलिस से संपर्क कर उसकी पृष्ठभूमि और आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना कैसे हुई?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने पहले मुख्यमंत्री को कुछ दस्तावेज दिए और फिर अचानक थप्पड़ जड़ दिया। हालांकि बीजेपी नेताओं ने इस दावे को खारिज किया है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “हमला थप्पड़ जैसा नहीं था। आरोपी ने हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की, जिससे धक्का-मुक्की में सीएम का सिर मेज़ से टकरा गया।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को मामूली चोट आई है और वह एक मजबूत महिला हैं, जो इस हमले के बावजूद जनता से संवाद जारी रखेंगी।"
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज
इस हमले पर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है, बीजेपी प्रवक्ता प्रवीण शंकर ने कहा कि आरोपी का किसी पार्टी से सीधा संबंध साबित नहीं हुआ है, लेकिन उसके बयान राजनीतिक असंतोष की ओर इशारा करते हैं। दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताया और कहा, “CM रेखा गुप्ता दिन-रात जनता के बीच रहती हैं, कुछ लोगों को यह बात बर्दाश्त नहीं हो रही।” कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा, “अगर मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम महिलाओं की सुरक्षा की क्या गारंटी है?” AAP विधायक आतिशी ने भी हमले की निंदा करते हुए कहा, “लोकतंत्र में विरोध का स्थान हो सकता है लेकिन हिंसा की कोई जगह नहीं है।”
घटना की चश्मदीद ने कहा, “मैं वहां मौजूद थी। आरोपी बात कर रहा था और अचानक उसने सीएम को थप्पड़ मारा। पुलिस तुरंत उसे ले गई।” दिल्ली पुलिस ने मामले की एफआईआर दर्ज कर ली है। डीसीपी और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और हर एंगल से जांच चल रही है। दिल्ली पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह एक गंभीर सुरक्षा चूक हो सकती है। गृह मंत्रालय को भी इस हमले की आधिकारिक रिपोर्ट भेज दी गई है। Rekha Gupta