PM Modi Birthday : नवजातों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आएगा पीएम मोदी का जन्मदिन
PM Modi
भारत
RP Raghuvanshi
16 Sep 2022 05:10 PM
भारत
RP Raghuvanshi
16 Sep 2022 05:10 PM
New Delhi : नई दिल्ली। 17 सितंबर यानि शनिवार का दिन तमिलनाडु के उन बच्चों के लिए खुशियां लेकर आएगा, जो उस दिन पैदा होंगे। दरअसल, 17 सितंबर को पीएम मोदी का जन्मदिन है। इस दिन को खास बनाने के लिए देश के अलग अलग राज्यों में इसे यादगार बनाने के लिए कई घोषणाएं और कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इनमें खास बात देश के दक्षिण में बसे राज्य तमिलनाडु से आ रही है। यहां पार्टी ने ऐलान किया है कि 17 सितंबर को जन्म लेने वाले शिशुओं को सोने की अंगूठी और 720 किलो मछली उपहार में दिए जाएंगे।
केंद्र सरकार में मत्स्य पालन और सूचना प्रसारण राज्यमंत्री एल मुरुगन ने ने कहा कि चेन्नई में सरकारी आरएसआरएम अस्पताल की पहचान की गई है। इस अस्पताल में उन सभी नवजात शिशुओं को 2 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी भेंट की जाएगी, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के दिन पैदा होंगे। इस अंगूठी की कीमत 5 हजार रुपये होगी। पार्टी की स्थानीय इकाई ने उस दिन अस्पताल में करीब 10-15 प्रसव का अनुमान लगाया है। मुरुगन ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सभी नवजात शिशुओं का स्वागत करके मनाया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यह फ्रीबीज के दायरे में नहीं आता है।
गौरतलब है कि बीजेपी नेता अरुण सिंह की ओर से बीती 30 अगस्त को सभी राज्य ईकाइयों को तीन पेज का पत्र भेजा गया था। इसमें सभी राज्यों को पिछले सालों की तरह ही इस साल भी पीएम के जन्मदिन को ‘सेवा पखवाड़ा’ के रूप में मनाने के लिए कहा गया है। इसके तहत ब्लड डोनेशन, हेल्थ चेकअप कैंप लगाने की बात कही गई है।
पार्टी की ओर से इस दिन कोई केक ना काटने और हवन आदि ना करने की सख्त हिदायत दी गई है, लेकिन इस सबसे इतर तमिलनाडु बीजेपी अनूठी योजनाओं के साथ पीएम मोदी का जन्मदिन मनाने जा रही है। राज्यमंत्री का कहना है कि लोगों को 720 किलो मछली देने के लिए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के निर्वाचन क्षेत्र को चुना गया है। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना मछली की खपत को प्रोत्साहित करती है और इसलिए, हम इसे वितरित कर रहे हैं। हम बखूबी जानते हैं कि पीएम मोदी शाकाहारी हैं।’ मत्स्य मंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री 720 के आंकड़े पर पहुंचें और वह इस साल 72 साल के हो रहे हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के जन्मदिन को तटीय सफाई दिवस के रूप में भी मनाया जाएगा।